रामनगर – रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा विभाग ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को आयुक्त, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तराखंड तथा जिलाधिकारी नैनीताल के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने रामनगर के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया।
अभियान के दौरान ढिकुली, लखनपुर चुंगी, मेन मार्केट और तहसील लाइन क्षेत्र में दूध एवं दुग्ध उत्पादों का कारोबार करने वाले करीब आधा दर्जन प्रतिष्ठानों की जांच की गई। टीम ने दूध, दही, पनीर, घी समेत अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता, खाद्य सुरक्षा मानकों और लेबलिंग की पड़ताल की।
पनीर, दूध, घी और दही के नमूने लिए
निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने कुल छह खाद्य नमूने संग्रहित किए। इनमें दो पनीर, एक दूध, एक देशी घी, एक दही और एक स्वीट कन्डेन्स्ड मिल्क का नमूना शामिल है। सभी नमूनों को नियमानुसार जांच के लिए खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभाग के अनुसार प्रयोगशाला रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद गुणवत्ता मानकों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अमानकीकृत डेयरी उत्पादों पर भी नजर
अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड की ओर से सात अगस्त 2026 को जारी प्रतिबंधात्मक आदेश के अनुपालन की भी जांच की गई। आदेश के तहत ऐसे अमानकीकृत डेयरी एनालॉग अथवा गैर-दुग्ध उत्पादों के निर्माण, प्रसंस्करण, भंडारण, परिवहन, वितरण एवं विक्रय पर प्रतिबंध है, जो वास्तविक दुग्ध उत्पाद होने का आभास कराते हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया कि नमूनों की जांच रिपोर्ट आने से पहले किसी खाद्य पदार्थ को अधोमानक या असुरक्षित घोषित नहीं किया जा रहा है। रिपोर्ट के निष्कर्षों के आधार पर ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार तक जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रक्षाबंधन के दौरान मिठाई, दूध एवं दुग्ध उत्पादों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे में उपभोक्ताओं को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
विभाग ने खाद्य कारोबारियों से खाद्य सुरक्षा मानकों, स्वच्छता, गुणवत्ता एवं लेबलिंग संबंधी नियमों का पूर्ण पालन करने की अपील की है। साथ ही स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

