उत्तराखण्ड खटीमा ज़रा हटके

उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस पर खटीमा में किसानों का मेला सीएम धामी ने गन्ना मूल्य बढ़ोतरी को बताया ऐतिहासिक कदम….

ख़बर शेयर करें -

खटीमा – उत्तराखंड राज्य जयंती के अवसर पर आज गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर द्वारा खटीमा के लोहियाहैड मैदान में एक भव्य कृषि गोष्ठी और कृषि प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने फीता काटकर किया तथा प्रदर्शनी का अवलोकन कर विभिन्न स्टॉलों पर किसानों से संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने गोष्ठी में उपस्थित हजारों किसानों का स्वागत करते हुए कहा कि “किसान हमारा अन्नदाता है, किसान मजबूत होगा तो देश और प्रदेश मजबूत होगा।” उन्होंने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय हरित क्रांति की जन्मस्थली है और यह संस्था कृषि के क्षेत्र में लगातार शोध और तकनीकी विकास कर रही है। मुख्यमंत्री ने किसानों से अपील की कि वे उन्नत बीजों, आधुनिक तकनीक और नवाचारों को अपनाकर अपनी आर्थिक स्थिति को सशक्त बनाएं।

यह भी पढ़ें 👉  किसानों की आवाज को नई दिशा भाकियू (प्रधान) की राष्ट्रीय टीम का देहरादून में हुआ जोरदार स्वागत….

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार दोनों ही कृषक कल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता दे रही हैं। उन्होंने कहा कि “हमारी सरकार किसानों और सैनिकों की सरकार है। किसानों की हर समस्या का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।” उन्होंने बताया कि किसानों की आय दोगुनी करने के लिए सरकार द्वारा विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं और हर किसान को इन योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाना चाहिए।

उन्होंने कृषक बंधुओं से कहा कि वे कृषि के साथ पशुपालन, मत्स्य पालन, कुक्कुट पालन, मधुमक्खी पालन और रेशम उत्पादन जैसे सहायक कार्यों को भी अपनाएं ताकि आय के नए स्रोत विकसित हो सकें। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य के इतिहास में पहली बार गन्ने के मूल्य में ₹30 प्रति क्विंटल की वृद्धि की गई है, जिससे गन्ना किसानों की आय में उल्लेखनीय बढ़ोतरी होगी। उन्होंने किसानों से गन्ने की खेती का क्षेत्रफल बढ़ाने का भी आह्वान किया।

यह भी पढ़ें 👉  आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के चेहरे खिले सरकार ने मानदेय में बढ़ोतरी का प्रस्ताव किया तैयार….

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित कृषि गोष्ठी और प्रदर्शनी को अब प्रदेश के विभिन्न जिलों में नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक किसान आधुनिक कृषि तकनीकों से लाभान्वित हो सकें। प्रदर्शनी में पंतनगर विश्वविद्यालय, कृषि विभाग और अन्य विभागों के स्टॉलों के माध्यम से किसानों को उन्नत खेती, आधुनिक उपकरण और योजनाओं की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री धामी ने रीप परियोजना के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को छह ई-रिक्शा प्रदान किए, कृषि विभाग के दो प्रगतिशील किसानों को ₹49,750 के अनुदान चेक दिए तथा एक हजार किसानों को कृषक किट के सापेक्ष पांच किसानों को सांकेतिक रूप से किट वितरित की। कृषकों ने गन्ना मूल्य बढ़ाने के निर्णय पर मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया और “धामी सरकार जिंदाबाद” के नारे लगाकर मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें 👉  शक्ति फार्म में वन विभाग की बड़ी कार्रवाई, ₹2 लाख की अवैध सागौन लकड़ी बरामद….

इस अवसर पर महापौर दीपक बाली, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, नानकमत्ता अध्यक्ष प्रेम सिंह टूरना, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, सीडीओ दिवेश शशनी, एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी, उपजिलाधिकारी तुषार सैनी सहित अनेक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं किसान बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।