हल्द्वानी- होली के दिन गौलापार क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे ने त्योहार की खुशियां मातम में बदल दीं। तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार किसान की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठा उसका बंटाईदार घायल हो गया। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार देवला तल्ला निवासी किसान शोबन सिंह रावत (54) पुत्र बच्ची सिंह बुधवार शाम बाइक से अपने घर लौट रहे थे। उनके साथ बाइक पर पीलीभीत निवासी बंटाईदार कुशाली राम भी सवार था। कुंवरपुर के पास पेट्रोल पंप के समीप हाईवे पर तेज रफ्तार बोलेरो ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि शोबन सिंह सड़क पर जा गिरे और उनके सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने शोबन सिंह को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल कुशाली राम का उपचार जारी है और उसकी हालत में सुधार बताया जा रहा है।
बृहस्पतिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। बाद में रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। पुलिस के अनुसार हादसे में शामिल बोलेरो चोरगलिया की ओर जा रही थी, जिसे हरियाणा के हिसार निवासी समीर चला रहा था। बताया जा रहा है कि शोबन सिंह अपने परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी, एक बेटा और एक बेटी हैं। खेती-बाड़ी कर वे परिवार का भरण-पोषण करते थे। इस हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि गौलापार क्षेत्र में खेड़ा से दानीबंगर तक सड़क हादसों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई स्थान दुर्घटना संभावित क्षेत्र बन चुके हैं। ग्राम प्रधान देवला तल्ला बालम सिंह नौला ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। क्षेत्रवासियों ने कई बार लोक निर्माण विभाग से स्पीड ब्रेकर लगाने की मांग भी की है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

