रूद्रपुर – जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला सभागार में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी जन समस्याएं सुनी गईं तथा अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तहसील दिवस में आने वाली शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए निर्धारित समय सीमा के भीतर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
तहसील दिवस में भूमि विवाद, मार्ग, मनरेगा भुगतान, सिंचाई गूल और गैस आपूर्ति सहित कुल नौ शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से आठ मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।

कार्यक्रम के दौरान एक शिकायतकर्ता ने कलेक्ट्रेट आवासीय परिसर में अराजक तत्वों द्वारा नशाखोरी और मारपीट की शिकायत की। इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को रात्रि के समय परिसर के गेट बंद रखने और नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एक अन्य शिकायत में गन्ना विभाग द्वारा कथित रूप से चकमार्ग निर्माण को लेकर आपत्ति दर्ज कराई गई, जिस पर संबंधित विभाग को जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। वहीं अधिक बिजली बिल, मनरेगा भुगतान और घरेलू गैस सिलेंडर से जुड़ी शिकायतों पर भी संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान कर उन्हें राहत पहुंचाना है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को जनहित के मामलों में गंभीरता से कार्य करने के निर्देश दिए।
तहसील दिवस में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, पुलिस एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

