उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

हल्द्वानी में डिजिटल क्रॉप सर्वे शुरू, मंडलायुक्त खुद उतरे खेत में….

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – किसानों को बेहतर योजनाओं का लाभ दिलाने और खेती को आधुनिक बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए जनपद में डिजिटल क्रॉप सर्वे (डीसीएस) का कार्य शुरू हो गया है। इस पहल की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कुमाऊँ मंडलायुक्त एवं मुख्यमंत्री सचिव दीपक रावत स्वयं खेत में पहुंचकर सर्वे कार्य का निरीक्षण और संचालन करते नजर आए।

यह भी पढ़ें 👉  अवैध क्लीनिकों पर प्रशासन की कार्रवाई, बनभूलपुरा में तीन क्लीनिक सील

रामपुर रोड स्थित हरिपुर रतनसिंह गांव में पहुंचे मंडलायुक्त ने अधिकारियों के साथ खेतों में जाकर डिजिटल क्रॉप सर्वे किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि यह केंद्र सरकार की एक आधुनिक और महत्वपूर्ण पहल है, जिसमें मोबाइल आधारित तकनीक, जियो-फेंसिंग और सैटेलाइट इमेजरी के माध्यम से फसलों का सटीक और रियल टाइम डेटा एकत्र किया जाएगा।

मंडलायुक्त ने कहा कि इस सर्वे के माध्यम से किसानों को कई तरह के लाभ मिलेंगे। फसल बीमा का लाभ आसानी से मिलेगा, आपदा की स्थिति में नुकसान का मुआवजा शीघ्र मिलेगा और फसलों के विपणन की व्यवस्था भी बेहतर हो सकेगी। साथ ही किसानों को समय-समय पर वैज्ञानिक सलाह भी उपलब्ध कराई जा सकेगी।

उन्होंने बताया कि डिजिटल क्रॉप सर्वे से प्रदेश में किस क्षेत्र में कौन-सी फसल कितने क्षेत्रफल में बोई गई है, इसका सटीक आंकलन संभव होगा। इससे न केवल कृषि योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा, बल्कि फसलों की मार्केटिंग और रणनीति बनाने में भी मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें 👉  मतीन सिद्दीकी का रुद्रपुर में स्वागत, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सर्वे कार्य पूरी शुद्धता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए, ताकि प्रदेश को केंद्र सरकार से प्रोत्साहन भी मिल सके। इस मौके पर तहसीलदार कुलदीप पांडे, राजस्व निरीक्षक अरुण देवरानी, उप निरीक्षक अरुण वर्मा सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।