उत्तराखण्ड ज़रा हटके लालकुआं

बरसात में बढ़ा खतरा, पानी की टंकी में मिले पांच जहरीले सांप, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

ख़बर शेयर करें -

लालकुआँ – हल्दूचौड़ क्षेत्र के परमा गांव में शनिवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक ग्रामीण ने अपने घर की अंडरग्राउंड पानी की टंकी का ढक्कन खोला तो उसमें एक साथ पांच जहरीले सांप दिखाई दिए। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सभी सांपों को सुरक्षित बाहर निकालकर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। समय रहते हुए इस कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार परमा गांव निवासी मथुरा दत्त शनिवार को अपने घर की अंडरग्राउंड पानी की टंकी की सफाई करने पहुंचे थे। जैसे ही उन्होंने टंकी का ढक्कन खोला, अंदर एक बड़ा जहरीला सांप और उसके चार बच्चे पानी में तैरते दिखाई दिए। यह नजारा देखकर परिवार के लोग घबरा गए और तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  संकट मोचन मंदिर में गुरु पूर्णिमा का उल्लास, पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद

सूचना पर पहुंची वन विभाग की रेस्क्यू टीम ने पूरी सावधानी और विशेषज्ञता के साथ अभियान चलाकर सभी पांचों सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद उन्हें जंगल में उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

घटना की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। लोगों ने राहत की सांस ली कि समय रहते टंकी की सफाई कर ली गई, अन्यथा यही पानी घर के दैनिक उपयोग में आने के कारण गंभीर हादसा हो सकता था।

यह भी पढ़ें 👉  शौर्य, साहस और बलिदान को सलाम, कारगिल के अमर वीरों को नैनीताल पुलिस की श्रद्धांजलि

वन विभाग ने बरसात के मौसम में लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। विभाग के अधिकारियों ने बताया कि बारिश के दौरान सांप और अन्य वन्यजीव सुरक्षित स्थानों की तलाश में घरों, पानी की टंकियों, स्टोर रूम और अन्य बंद स्थानों में पहुंच सकते हैं। ऐसे में समय-समय पर पानी की टंकियों और आसपास के क्षेत्रों की जांच एवं सफाई करते रहें। यदि कहीं सांप या अन्य वन्यजीव दिखाई दे तो उसे पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल वन विभाग को सूचना दें।

यह भी पढ़ें 👉  भीमताल की महिलाओं ने रोशन की सफलता की मिसाल, REAP से मिला रोजगार का नया रास्ता

परमा गांव की यह घटना क्षेत्रभर में चर्चा का विषय बनी हुई है और बरसात के मौसम में सावधानी बरतने का एक महत्वपूर्ण संदेश भी दे रही है।