उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टी.सी.

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस मेले को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मेले में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा तथा सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने पुलिस बहुउद्देशीय भवन, हल्द्वानी में जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों, यातायात एवं सीपीयू अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की।

बैठक की शुरुआत में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने कैंची धाम मेले की रूपरेखा, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने मेले के दौरान संभावित भीड़, यातायात दबाव और सुरक्षा संबंधी चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी साझा की।

यह भी पढ़ें 👉  आंगनबाड़ी केंद्रों की मजबूती पर फोकस, भीमताल में हुई समीक्षा बैठक

बैठक को संबोधित करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि कैंची धाम मेला उत्तराखंड की आस्था का प्रमुख केंद्र है और इसका सफल आयोजन पुलिस की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के चलते पर्यटकों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है, ऐसे में सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

एसएसपी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले के दौरान प्रभावी ट्रैफिक प्लान और रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाए। पार्किंग स्थलों, बैरियरों और डायवर्जन पॉइंट्स पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की जाए, ताकि यातायात सुचारू बना रहे।

उन्होंने भवाली क्षेत्र के प्रमुख चौराहों एवं डायवर्जन स्थलों पर मेले से पूर्व ही चौबीस घंटे पुलिस निगरानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। रात्रिकालीन ड्यूटी के माध्यम से यातायात और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष नजर रखी जाएगी।

यह भी पढ़ें 👉  लंबे इंतजार के बाद मिला मालिकाना हक, महिला ने कुमाऊं आयुक्त का जताया आभार

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शटल सेवा के प्रभावी संचालन तथा वाहनों की स्टीकर व्यवस्था को भी सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए। इसके लिए परिवहन विभाग एवं वाहन संचालकों के साथ समन्वय स्थापित किया जाएगा।

बैठक में भवाली से कैंची धाम मार्ग पर स्थित सभी होटल एवं होमस्टे का ऑडिट कराने का निर्णय लिया गया। थाना प्रभारियों को होटल एवं होमस्टे संचालकों के साथ बैठक कर श्रद्धालुओं के ठहराव एवं अन्य सुविधाओं को लेकर समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  नशे के सौदागरों पर प्रहार, 200 नशीली गोलियों के साथ तस्कर दबोचा

एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि विभिन्न श्रेणी के वाहनों पर नियमानुसार प्रतिबंध लागू किए जाएंगे तथा होटल बुकिंग वाले वाहनों को ही निर्धारित चेकिंग पॉइंट्स से आगे जाने की अनुमति दी जाएगी।

उन्होंने सभी पुलिसकर्मियों को आगंतुकों और श्रद्धालुओं की आस्था का सम्मान करते हुए विनम्र एवं शालीन व्यवहार अपनाने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, सीओ नैनीताल अंजना, सीओ (यूटी) विनय सिंह, सीओ (यूटी) अंकित थपलियाल सहित जनपद के विभिन्न थाना प्रभारी, यातायात एवं सीपीयू अधिकारी उपस्थित रहे।