उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

एसआईआर अभियान को लेकर प्रशासन सतर्क, अधिकारियों को दिए गए स्पष्ट निर्देश

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – जिले मेंमतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम को सफल और समयबद्ध तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में निर्वाचन विभाग द्वारा अभियान को लेकर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने हल्द्वानी स्थित एनआईसी सभागार में भौतिक एवं वर्चुअल माध्यम से सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  साइबर ठगों ने पुलिस कर्मी के खाते से उड़ाए 1.71 लाख, FIR दर्ज

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण अभियान की प्रक्रिया, समय-सारिणी और उद्देश्यों से अवगत कराया गया। उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था का अत्यंत महत्वपूर्ण कार्य है, जिसके माध्यम से मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जाता है।

उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सभी बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 8 जून से 7 जुलाई 2026 तक घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। इसके लिए सभी तहसील स्तरों पर गणना प्रपत्रों का वितरण किया जा चुका है।

यह भी पढ़ें 👉  ट्रांसफार्मर पोल पर गिरा पेड़, फायर टीम की मुस्तैदी से टली संभावित दुर्घटना

उन्होंने पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सीमा की जानकारी देते हुए बताया कि 7 जुलाई 2026 तक मतदान केंद्रों का युक्तिकरण किया जाएगा। इसके बाद 14 जुलाई 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन होगा। प्रारूप प्रकाशन के बाद 14 जुलाई से 13 अगस्त 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इन दावों एवं आपत्तियों का निस्तारण 11 सितंबर 2026 तक किया जाएगा, जबकि 15 सितंबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।

बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि अभियान को पूरी पारदर्शिता, गंभीरता और निर्धारित समय-सीमा के भीतर संपन्न कराया जाए, ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।

यह भी पढ़ें 👉  यातायात व्यवस्था बनाए रखने में करें सहयोग, पर्यटकों से प्रशासन की अपील

बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट ए.पी. बाजपेयी, नगर आयुक्त परितोष वर्मा, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एच.डी. पांडे सहित सभी ईआरओ एवं एईआरओ उपस्थित रहे। वहीं विभिन्न राजनीतिक दलों की ओर से कांग्रेस के राम सिंह नगरकोटी, किरण सिंह मेहरा, अरविंद चौधरी, प्रकाश पाठक, संजू उप्रेती, प्रशांत जोशी और अनिल अग्रवाल तथा भाजपा के मनीष पाल, अमित चौधरी, प्रकाश पटवाल, दया किशन पोखरिया सहित बहुजन समाज पार्टी के जगदीश कुमार टम्टा एवं हरीश चंद सिवोली समेत अन्य प्रतिनिधियों ने भी बैठक में भाग लिया।