उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

सुशीला तिवारी अस्पताल में कैथलैब परियोजना को मिली रफ्तार, क्षेत्रवासियों को मिलेगी बड़ी राहत

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल से एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। अजय भट्ट ने अपने ड्रीम प्रोजेक्ट कैथलैब को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कुमाऊं जैसे विशाल क्षेत्र में अब तक कैथलैब सुविधा का न होना दुर्भाग्यपूर्ण रहा है।

सांसद ने जानकारी दी कि इस महत्वाकांक्षी परियोजना के लिए कोटाबाग स्थित आर्मी यूनिट के सहयोग से लगभग 12 करोड़ रुपये की फंडिंग प्राप्त हुई है। इसमें 9 करोड़ रुपये अत्याधुनिक मशीनों की खरीद के लिए और 3 करोड़ रुपये भवन संरचना के विकास के लिए निर्धारित किए गए हैं।

यह भी पढ़ें 👉  महिला आरक्षण को लेकर कांग्रेस सड़कों पर, गणेश गोदियाल के नेतृत्व में गरजा विरोध

निरीक्षण के दौरान सांसद अजय भट्ट ने अस्पताल में सीलन की समस्या पर चिंता जताई। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह समस्या शीघ्र दूर की जाएगी, क्योंकि जर्मन तकनीक से बनी संवेदनशील मशीनों पर फंगस का प्रभाव पड़ सकता है, जिसे किसी भी स्थिति में नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।

अजय भट्ट ने कहा कि “कैथलैब मेरा ड्रीम प्रोजेक्ट है। इसके शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को इलाज के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।” इस दौरान उन्होंने विश्व प्रसिद्ध हार्ट सर्जन डॉ. ए.पी. यादव से भी चर्चा की। बताया गया कि जल्द ही दिल्ली में बैठक कर विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती पर निर्णय लिया जाएगा।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर: स्पा सेंटर की आड़ में अनैतिक गतिविधियों का भंडाफोड़, पुलिस ने जड़ा ताला

यदि सब कुछ योजना के अनुरूप रहा, तो आने वाले समय में हल्द्वानी में ही हृदय रोगों का उन्नत उपचार संभव हो सकेगा, जिससे पूरे कुमाऊं क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें 👉  राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरु ने दुदुली सड़क दुर्घटना में प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल