भीमताल/ओखलकांडा – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा ब्लॉक अंतर्गत ईलाइजर से गरगड़ी-कालाआगर मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य का शुभारंभ कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने शिलान्यास कर किया। करीब 78 लाख रुपये की लागत से होने वाले इस कार्य से क्षेत्र के ग्रामीणों को बेहतर यातायात सुविधा उपलब्ध होगी।
बताया गया कि ईलाइजर-गरगड़ी-कालाआगर मोटर मार्ग लंबे समय से क्षतिग्रस्त स्थिति में था, जिसके कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। क्षेत्रवासियों ने कई बार सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग उठाई थी। ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग को प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे।
इसके बाद शासन स्तर से सड़क के डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य के लिए 78 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई। स्वीकृति मिलने के बाद मंत्री कैड़ा ने विधिवत शिलान्यास कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक में क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और बेहतर सड़क संपर्क के लिए सरकार प्रतिबद्ध है तथा ग्रामीण क्षेत्रों को सुविधाओं से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री कैड़ा ने स्थानीय लोगों की समस्याएं भी सुनीं। ग्रामीणों ने बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क संबंधी विभिन्न समस्याएं उनके समक्ष रखीं। मंत्री ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान क्षेत्रीय जनता ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया तथा सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि सड़क के डामरीकरण कार्य के पूरा होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा और स्थानीय लोगों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से राहत मिलेगी।

