उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

हज से सकुशल लौटे उत्तराखण्ड के 408 जायरीन, दिल्ली एयरपोर्ट पर हुआ जोरदार स्वागत

ख़बर शेयर करें -

नई दिल्ली/देहरादून – पवित्र हज यात्रा संपन्न कर उत्तराखण्ड के 408 हज यात्री सकुशल अपने वतन लौट आए। मंगलवार को अलग-अलग उड़ानों से नई दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे जायरीनों का उत्तराखण्ड राज्य हज समिति की ओर से गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार फ्लाइट संख्या SV5710 से प्रदेश के 305 हज यात्री प्रातः 5:25 बजे तथा फ्लाइट संख्या SV5814 से 103 हज यात्री सायं 6:25 बजे टर्मिनल-3, नई दिल्ली पहुंचे। हवाई अड्डे पर उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद ने फूल-मालाएं पहनाकर सभी जायरीनों का भव्य स्वागत किया और उन्हें हज यात्रा की मुबारकबाद दी।

यह भी पढ़ें 👉  कालाढूंगी में दर्दनाक हादसा, दो कारों की भिड़ंत में युवक की मौत

इस अवसर पर खतीब अहमद ने यात्रियों से हज यात्रा के दौरान मिली सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी ली। हज यात्रियों ने मक्का और मदीना में उपलब्ध कराई गई व्यवस्थाओं पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष की हज यात्रा बेहद सुगम, सुरक्षित और यादगार रही।

जायरीनों ने यात्रा के सफल संचालन और बेहतर व्यवस्थाओं के लिए केंद्रीय अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू, उत्तराखण्ड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा प्रदेश के अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री खजान दास का आभार व्यक्त किया। यात्रियों ने कहा कि सरकार की ओर से उपलब्ध कराई गई सुविधाओं के चलते उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

यह भी पढ़ें 👉  जल संरक्षण को लेकर प्रशासन गंभीर, गौला और लदिया नदी के लिए बनेगी योजना

हज यात्रियों ने उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के अध्यक्ष खतीब अहमद की भी सराहना करते हुए कहा कि यात्रा की शुरुआत से लेकर वतन वापसी तक उन्होंने लगातार मार्गदर्शन और सहयोग प्रदान किया, जिससे पूरी यात्रा सफल और सहज रही।

यह भी पढ़ें 👉  पूर्व सैनिकों के बीच पहुंचे राज्य मंत्री, कल्याण और विकास का दिलाया भरोसा

इस दौरान उत्तराखण्ड राज्य हज समिति के हज अधिकारी मोहम्मद अहसान एवं कार्यालय स्टाफ सदस्य अब्दुल कादिर भी मौजूद रहे। उन्होंने यात्रियों के स्वागत एवं आवश्यक व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभाई।

हज यात्रियों की सकुशल वापसी पर उनके परिजनों और शुभचिंतकों में भी खुशी का माहौल देखने को मिला।