हल्द्वानी – जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आगामी 15 अक्टूबर तक जनपद की सभी सड़कों को गड्ढामुक्त कर आवागमन के अनुकूल बनाया जाए। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में जिले में पर्यटकों और आम लोगों की आवाजाही बढ़ेगी, ऐसे में सड़क एवं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखना प्राथमिकता होनी चाहिए।
शुक्रवार को डीएम कैंप कार्यालय में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सड़क सुरक्षा, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था और सड़कों की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिए कि सड़कों पर बने गड्ढों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कर उन्हें सुगम बनाया जाए। उन्होंने कहा कि जहां सड़कों पर मिट्टी जमा है अथवा निर्माण एवं मरम्मत कार्य के चलते मिट्टी सड़क पर आ रही है, वहां तत्काल सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इससे वाहन चालकों को होने वाली परेशानी के साथ ही दुर्घटनाओं की आशंका को भी कम किया जा सकेगा।

यातायात दबाव वाले क्षेत्रों पर विशेष नजर
डीएम ने कहा कि त्योहारी सीजन के दौरान जनपद में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में यातायात दबाव वाले क्षेत्रों में सड़क सुधार कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खराब सड़कों के कारण जिले की छवि प्रभावित न हो और आमजन को सुगम यातायात सुविधा मिले।
उन्होंने ब्लैक स्पॉट, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और अधिक यातायात दबाव वाले स्थानों की नियमित समीक्षा करने तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा करने को कहा। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों को पूरा करने के निर्देश दिए।
हिट एंड रन मामलों में तेजी से मिले सहायता
बैठक में हिट एंड रन मामलों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ऐसे मामलों में नियमानुसार मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए। उन्होंने जनपद के सभी अस्पतालों को इस संबंध में आवश्यक जानकारी एवं जागरूकता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि पात्र परिवारों को सहायता प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो।
जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सड़क निर्माण एवं रखरखाव से जुड़े विभागों के अभियंताओं को सड़क की गुणवत्ता, जल निकासी, गड्ढों, सड़क पर जमा मिट्टी तथा अन्य संभावित दुर्घटना कारकों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं अभियंता मौजूद रहे।

