उत्तराखण्ड क्राइम हल्द्वानी

फर्जी आर्मी आईडी और AI से बनी तस्वीरें, सोशल मीडिया का ‘मेजर’ पुलिस के हत्थे चढ़ा

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – सोशल मीडिया पर खुद को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर फर्जी पहचान प्रदर्शित करने के मामले में नैनीताल पुलिस की एसओजी टीम ने एक युवक को हिरासत में लिया है। पुलिस के अनुसार युवक इंटरनेट और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरों को मॉर्फ कर उन्हें अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड करता था। उसके पास से दो मोबाइल फोन, आधार कार्ड, पैन कार्ड, सेना की वर्दी वाली फोटो-वीडियो और फर्जी प्रतीत होने वाला आर्मी आईडी कार्ड बरामद किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, 1 सितंबर को मिलिट्री इंटेलिजेंस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने एसओजी कार्यालय हल्द्वानी में सूचना दी कि रोहित सिंह मेहता नामक व्यक्ति इंस्टाग्राम पर स्वयं को भारतीय सेना की पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर बताकर सेना के अधिकारी की वर्दी में तस्वीरें और कथित फर्जी पहचान पत्र प्रदर्शित कर रहा है। जांच में उसके भारतीय सेना में होने का कोई रिकॉर्ड नहीं मिला।

यह भी पढ़ें 👉  शहीद आंदोलनकारियों के बलिदान को किया याद, सम्मान परिषद कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा

सूचना की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में एसओजी प्रभारी मोहन सिंह सौन के नेतृत्व में टीम ने संबंधित मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर युवक की तलाश शुरू की। लोकेशन के आधार पर टीम को पता चला कि युवक गोरापड़ाव क्षेत्र में एक पेंट कंपनी के गोदाम में काम करता है। पुलिस ने वहां पहुंचकर रोहित सिंह मेहता को हिरासत में लिया।

पूछताछ में युवक ने पुलिस को बताया कि उसने इंटरनेट और सोशल मीडिया से भारतीय सेना के अधिकारियों की वर्दी वाली तस्वीरें प्राप्त कीं और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस/Google Gemini की सहायता से उनमें बदलाव कर तस्वीरें तैयार कीं। इसके बाद इन तस्वीरों को इंस्टाग्राम पर अपलोड कर खुद को पैरा स्पेशल फोर्स का मेजर प्रदर्शित किया।

यह भी पढ़ें 👉  गौला नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर पुलिस सतर्क, नदी किनारे बसे लोगों को सुरक्षित करने के निर्देश

पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवक ने सोशल मीडिया पर अपनी फॉलोइंग बढ़ाने और युवतियों को प्रभावित करने के उद्देश्य से ऐसा करने की बात बताई है। एसओजी टीम ने उसके कब्जे से मिले मोबाइल फोन की जांच भी की, जिसमें सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो और वीडियो सुरक्षित पाए गए।

मामले में भारतीय सेना के अधिकारी का प्रतिरूपण करने, फर्जी पहचान प्रदर्शित करने और धोखाधड़ी के आरोप में कोतवाली हल्द्वानी में बीएनएस की धारा 168, 318(3) और 319(2) के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस की ओर से बीएनएसएस की धारा 35(3) के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में रामलीला मैदान शुद्धिकरण मामले ने पकड़ा तूल, राहुल गांधी के खिलाफ एफआईआर दर्ज

ये सामान हुआ बरामद

पुलिस ने युवक के कब्जे से दो स्मार्ट मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड, एक पैन कार्ड, भारतीय सेना के अधिकारी की वर्दी वाली फोटो एवं वीडियो तथा फर्जी प्रतीत होने वाला आर्मी आइडेंटिटी कार्ड बरामद किया है।

हिरासत में लिया गया युवक रोहित सिंह मेहता पुत्र खुशाल सिंह मेहता, उम्र करीब 20 वर्ष, मूल रूप से ग्राम कानीकोट, तहसील पाटी, जनपद चंपावत का निवासी बताया गया है। वर्तमान में वह गोरापड़ाव, हल्द्वानी में रह रहा था।

कार्रवाई करने वाली एसओजी टीम में प्रभारी एसओजी उपनिरीक्षक मोहन सिंह सौन, हेड कांस्टेबल कुंदन कठैत, हेड कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, कांस्टेबल अशोक सिंह रावत और कांस्टेबल भूपेंद्र सिंह ज्येष्ठा शामिल रहे।