उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

ईवीएम-वीवीपैट पर मतदाताओं की शंकाएं होंगी दूर, प्रदर्शन केंद्र पर मिल रही व्यावहारिक जानकारी

ख़बर शेयर करें -

रामनगर – निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के तहत जनपद नैनीताल में ईवीएम एवं वीवीपैट जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के माध्यम से आम नागरिकों को मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी देने के साथ ही इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) और वीवीपैट की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक प्रदर्शन किया जा रहा है।

इसी क्रम में विधानसभा क्षेत्र 61-रामनगर के पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज में स्थापित ईवीएम एवं वीवीपैट प्रदर्शन केंद्र पर नागरिकों को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई। यहां लोगों को ईवीएम के माध्यम से वोट डालने का प्रत्यक्ष प्रदर्शन कराया जा रहा है और मॉक पोल के जरिए उन्हें स्वयं मतदान प्रक्रिया समझने का अवसर दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  रुद्रपुर जिला अस्पताल बना रणक्षेत्र, दो पक्षों में भिड़ंत के दौरान चाकूबाजी; एक की मौत

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी एचडी पाण्डेय ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान नागरिकों को समझाया जा रहा है कि ईवीएम में वोट दर्ज करने के बाद वीवीपैट मशीन की पारदर्शी खिड़की में संबंधित प्रत्याशी के नाम और चुनाव चिह्न वाली पर्ची दिखाई देती है। इससे मतदाता अपने डाले गए वोट की पुष्टि कर सकते हैं। इसके साथ ही मशीनों की कार्यप्रणाली, सुरक्षा और पारदर्शिता से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी भी दी जा रही है।

उन्होंने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य मतदान प्रक्रिया की पारदर्शिता के प्रति मतदाताओं में जागरूकता बढ़ाना, उनकी शंकाओं एवं भ्रांतियों को दूर करना और ईवीएम-वीवीपैट की कार्यप्रणाली के प्रति विश्वास मजबूत करना है। विशेष रूप से युवाओं और पहली बार मतदान करने वाले नए मतदाताओं को जागरूक एवं जिम्मेदार मतदाता बनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  वीआईपी सुरक्षा के लिए पुलिस की व्यापक तैयारी, हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक होगी सघन जांच

जिला निर्वाचन कार्यालय की ओर से जनपद में निर्वाचन संबंधी जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक नागरिक मतदान प्रक्रिया को समझें और लोकतांत्रिक व्यवस्था में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।