लालकुआं – नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड ने आंचल ब्रांड के दूध और दुग्ध उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी कर दी है। संशोधित दरें 20 नवंबर 2026 से प्रभावी होंगी। नई मूल्य सूची के तहत दूध, पनीर और क्रीम सहित विभिन्न उत्पादों की कीमतों में दो रुपये से लेकर 50 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है।
दुग्ध संघ के सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि संशोधित मूल्य सूची जारी कर दी गई है। नई दरें 20 नवंबर से सभी संबंधित उत्पादों की बिक्री पर लागू होंगी।
क्रीम के एक किलो पैक पर 50 रुपये की बढ़ोतरी

नई मूल्य सूची के अनुसार आंचल क्रीम के एक किलोग्राम पैक की कीमत 530 रुपये से बढ़ाकर 580 रुपये कर दी गई है। वहीं आंचल गोल्ड फुल क्रीम मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 426 रुपये से बढ़ाकर 450 रुपये और आंचल शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क के छह लीटर पैक की कीमत 355 रुपये से बढ़ाकर 372 रुपये निर्धारित की गई है।
दूध और पनीर के दाम भी बढ़े
आंचल गाय के दूध की कीमत 58 रुपये से बढ़ाकर 60 रुपये प्रति लीटर कर दी गई है। इसी तरह शक्ति स्टैंडर्ड मिल्क अब 60 रुपये के बजाय 63 रुपये प्रति लीटर और डबल टोंड मिल्क 54 रुपये के स्थान पर 56 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। इसके अलावा आंचल पनीर के 180 ग्राम पैक की कीमत 80 रुपये से बढ़ाकर 85 रुपये कर दी गई है।
20 नवंबर से ग्राहकों को चुकानी होगी नई कीमत
गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर 2026 को अमूल, मदर डेयरी सहित अन्य निजी दुग्ध संस्थानों ने भी दूध और दुग्ध उत्पादों की कीमतों में बढ़ोतरी की थी। अब नैनीताल दुग्ध संघ की ओर से आंचल उत्पादों की नई मूल्य सूची जारी किए जाने के बाद उपभोक्ताओं को 20 नवंबर से संशोधित दरों पर खरीदारी करनी होगी।
सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा ने बताया कि मूल्य संशोधन के संबंध में सभी संबंधित उत्पादों की नई सूची जारी कर दी गई है और निर्धारित तिथि से नई दरें प्रभावी होंगी।

