हल्द्वानी – त्योहारों की खुशियों के बीच गौलापार की महिलाओं ने आत्मनिर्भरता और सामूहिक उद्यमिता की नई मिसाल पेश की है। मंगलम ग्राम संगठन से जुड़ी छह महिलाओं ने नवरात्रि और दीपावली के अवसर पर पारंपरिक गट्टे, बतासे और खिलौने तैयार कर उनकी बिक्री से अच्छा मुनाफा कमाया। मात्र 50 हजार रुपये के निवेश से महिलाओं ने 1 लाख 40 हजार रुपये की बिक्री की और खर्च निकालने के बाद करीब 90 हजार रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आत्मनिर्भर उत्तराखंड के संकल्प को साकार करने में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी ग्रामीण महिलाएं भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। स्थानीय संसाधनों और अपने हुनर को स्वरोजगार से जोड़कर महिलाएं आर्थिक रूप से मजबूत बन रही हैं। गौलापार स्थित मंगलम ग्राम संगठन की महिलाओं की यह पहल इसी दिशा में एक प्रेरक उदाहरण है।
50 हजार के निवेश से 1.40 लाख की बिक्री

मंगलम ग्राम संगठन की छह महिलाओं ने त्योहारों के दौरान पारंपरिक उत्पादों की मांग को देखते हुए इस काम की शुरुआत 50 हजार रुपये की लागत से की। महिलाओं ने अपने हाथों से शुद्ध और बिना मिलावट के गट्टे, बतासे तथा खिलौने तैयार किए और स्थानीय बाजारों के साथ हल्द्वानी में उनकी बिक्री की। गुणवत्ता और शुद्धता के प्रति विशेष ध्यान देने का उन्हें अच्छा परिणाम मिला। नवरात्रि और दीपावली के दौरान समूह ने कुल 1 लाख 40 हजार रुपये की बिक्री की। सभी खर्चों के बाद करीब 90 हजार रुपये का शुद्ध मुनाफा हुआ। इस तरह प्रत्येक महिला के हिस्से में लगभग 15 हजार रुपये का लाभ आया।
पारंपरिक उत्पादों और शुद्धता ने दिलाया भरोसा
समूह की महिलाओं ने उत्पादों को स्वयं तैयार कर उनकी गुणवत्ता और शुद्धता पर विशेष ध्यान दिया। त्योहारों के अवसर पर पारंपरिक गट्टे, बतासे और खिलौनों की मांग को देखते हुए इन उत्पादों को बाजार में अच्छा प्रतिसाद मिला। इस पहल से ग्राहकों को घर पर तैयार पारंपरिक सामग्री उपलब्ध हुई, वहीं महिलाओं को अपनी मेहनत का आर्थिक लाभ भी मिला।
सरकार और एनआरएलएम का जताया आभार
मंगलम ग्राम संगठन की महिलाओं ने अपनी इस उपलब्धि के लिए राज्य सरकार और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को एकजुट होकर काम करने, स्वरोजगार अपनाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का अवसर मिल रहा है। महिलाओं ने भविष्य में भी इसी तरह मार्गदर्शन और प्रोत्साहन मिलने की उम्मीद जताई।
महिला सशक्तीकरण की बनी प्रेरक मिसाल
मंगलम ग्राम संगठन की महिलाओं की यह सफलता केवल आर्थिक मुनाफे तक सीमित नहीं है, बल्कि सामूहिक प्रयास और स्थानीय उत्पादों को बाजार तक पहुंचाने की क्षमता का भी उदाहरण है। छह महिलाओं की यह पहल साबित करती है कि उचित अवसर, मार्गदर्शन और आपसी सहयोग से ग्रामीण महिलाएं कम निवेश में भी स्वरोजगार के जरिए अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर सकती हैं और आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण में योगदान दे सकती हैं।

