उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

मुक्त विश्वविद्यालय के दीक्षांत में चमके मेधावी, राज्यपाल ने कहा- राष्ट्र निर्माण में निभाएं भूमिका

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी –  उत्तराखण्ड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी का 11वां दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि तथा विभिन्न पाठ्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 36 मेधावी शिक्षार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए। वहीं, भारतीय रेल सेवा के सेवानिवृत्त अधिकारी एवं प्रख्यात प्रशासनिक विशेषज्ञ अश्वनी लोहनी को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। शैक्षणिक सत्र 2025-26 में विभिन्न पाठ्यक्रमों को सफलतापूर्वक पूरा करने वाले कुल 14,857 शिक्षार्थियों को डिजिलॉकर के माध्यम से उपाधियां प्रदान की गईं।

समारोह में प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत विशिष्ट अतिथि तथा राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष एवं विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति प्रो. नागेश्वर राव विशेष अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

समारोह का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में स्थापित स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण के साथ हुआ। राज्यपाल एवं अन्य अतिथियों ने प्रतिमा का अनावरण करने के बाद विश्वविद्यालय की शौर्य दीवार पर पुष्प अर्पित कर देश के वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी। इसके बाद कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की।

21 वर्षों में शिक्षा के क्षेत्र में बनाई अलग पहचान

कुलपति प्रो. नवीन चन्द्र लोहनी ने बताया कि विश्वविद्यालय अपनी स्थापना के 21 वर्ष पूरे कर चुका है। वर्तमान में विश्वविद्यालय आठ क्षेत्रीय केंद्रों और 144 अध्ययन केंद्रों के माध्यम से संचालित हो रहा है। इस वर्ष हरिद्वार में नया क्षेत्रीय कार्यालय भी स्थापित किया गया है। विश्वविद्यालय में कुल 94 शैक्षणिक कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इनमें भगवद्गीता अध्ययन, मानवाधिकार प्रमाण-पत्र तथा कुमाऊंनी, गढ़वाली, नेपाली और जापानी भाषा के पाठ्यक्रम भी शामिल हैं।

उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा शिक्षा को दूरस्थ एवं दुर्गम क्षेत्रों तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस वर्ष 231 जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से 22,261 लोगों तक पहुंच बनाई गई, जबकि एक लाख दस हजार से अधिक पुस्तकें निःशुल्क वितरित की गईं। विश्वविद्यालय ने आठ गांवों को गोद लेकर ‘गांव गौरव’ और ‘उच्च शिक्षा आपके द्वार’ जैसे कार्यक्रम शुरू किए हैं। इसके अलावा सैन्य प्रतिष्ठानों एवं कारागारों में पांच विशेष अध्ययन केंद्र स्थापित किए गए हैं।

कुलपति ने सामुदायिक रेडियो ‘हैलो हल्द्वानी 91.2 एफएम’, ‘फिन बोध’, ‘उत्तरावाणी’ और ‘मुक्त ज्ञान कोष’ जैसी पहलों की जानकारी देते हुए बताया कि विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने सात पेटेंट डिजाइन, 135 शोध पत्र और विभिन्न पुरस्कारों के माध्यम से उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने यह भी बताया कि परीक्षा परिणाम 15 कार्यदिवसों के भीतर जारी किए गए।

यह भी पढ़ें 👉  आश्रय गृहों की व्यवस्थाएं होंगी मजबूत, मानवाधिकार आयोग की विशेष प्रतिवेदक ने दिए निर्देश

आठ शोधार्थियों को पीएचडी, 36 को स्वर्ण पदक

दीक्षांत समारोह में आठ शोधार्थियों को पीएचडी की उपाधि प्रदान की गई। इनमें किरण कुमार, प्रवीण लखेड़ा, प्रीती वर्मा, हिमानी तिवारी पाण्डेय, राधा, अंकुर मित्तल, दीपक सोराड़ी एवं मयूर बघरवाल शामिल रहे। वहीं 36 मेधावी विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय, कुलाधिपति एवं प्रायोजित स्वर्ण पदकों से सम्मानित किया गया। इनमें 30 विश्वविद्यालय स्वर्ण पदक, दो कुलाधिपति स्वर्ण पदक तथा चार प्रायोजित स्वर्ण पदक शामिल हैं।

विश्वविद्यालय की ओर से जारी सूची के अनुसार स्नातक एवं स्नातकोत्तर स्तर पर विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। स्नातक स्तर पर शिवर्णा धौनी, मोहित गुनसोला, मोनिका खत्री, विनीता अग्रि, तनुजा चुफाल, संगीता लिम्बू और जितेन्द्र सहित कई विद्यार्थियों ने उपलब्धि हासिल की। वहीं स्नातकोत्तर स्तर पर सोनिया नेगी, वंदना ध्यानी, वंशिता अग्रवाल, सरिता पालनी, भूमिका मनराल, अंजू कपरी, हिमांशु उप्रेती, नीलम जोशी, प्रियंका शर्मा, ललित कांडपाल, पवन ममगाईं, प्रेरणा भट्ट, मिताली पांडेय, आस्था, प्रदीप चन्द्र मिश्रा, ज्योत्सना जोशी, मोहन चन्द्र घिल्डियाल, अनुज भार्गव और पूजा भट्ट को विभिन्न विषयों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए चयनित किया गया।

इसके अलावा नई शिक्षा नीति (NEP) के अंतर्गत प्रकाश चन्द्र, अपराजिता जोशी, दिव्यांशु एवं सुषांत कुमार को स्वर्ण पदक प्रदान किए गए। कुलाधिपति स्वर्ण पदक के लिए जितेन्द्र और प्रेरणा भट्ट को सम्मानित किया गया। विशेष पुरस्कार के अंतर्गत तनुजा चुफाल को कल्याण भवति समिति पदक के लिए चयनित किया गया।

अश्वनी लोहनी को मानद उपाधि से किया सम्मानित

समारोह का प्रमुख आकर्षण भारतीय रेल सेवा के 1980 बैच के सेवानिवृत्त अधिकारी अश्वनी लोहनी को प्रदान की गई मानद उपाधि रही। लोहनी भारतीय रेल बोर्ड के अध्यक्ष, एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक तथा भारतीय पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। विश्व की सबसे पुरानी चालू भाप इंजन रेलगाड़ी ‘फेयरी क्वीन’ के पुनरुद्धार एवं संचालन में उनके योगदान के लिए उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज है। वर्तमान में वह प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय सोसाइटी, नई दिल्ली के निदेशक हैं।

यह भी पढ़ें 👉  कालाढूंगी में देर रात दर्दनाक हादसा, दो बाइक सवारों की मौत - कार चालक फरार

शिक्षा रोजगार ही नहीं, राष्ट्र निर्माण का भी आधार : धन सिंह रावत

उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्ति, समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का आधार है। उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 का उल्लेख करते हुए कहा कि उत्तराखण्ड इसके क्रियान्वयन में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। प्रदेश सरकार उच्च शिक्षा में गुणवत्ता, शोध, नवाचार और रोजगारपरक शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है।

उन्होंने विद्यार्थियों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ड्रोन तकनीक, डेटा साइंस और साइबर सुरक्षा जैसे उभरते क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही हिमालयी पारिस्थितिकी, जल संरक्षण और आपदा प्रबंधन जैसे विषयों पर शोध की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि युवाओं को केवल नौकरी पाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि रोजगार देने वाला बनने की दिशा में भी प्रयास करना चाहिए।

मुक्त शिक्षा ने उच्च शिक्षा को बनाया सर्वसुलभ : प्रो. नागेश्वर राव

विशेष अतिथि प्रो. नागेश्वर राव ने विश्वविद्यालय की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि मुक्त विश्वविद्यालय की मूल अवधारणा शिक्षा को सर्वसुलभ और लोकतांत्रिक बनाना है। मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा आज उच्च शिक्षा की एक महत्वपूर्ण पद्धति बन चुकी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आजीवन सीखने और अपने व्यक्तिगत विकास को राष्ट्र के विकास से जोड़ने का आह्वान किया।

उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा गोद लिए गए गांवों, सैनिकों एवं कारागारों में स्थापित अध्ययन केंद्रों, शहीद सैनिकों की विधवाओं को शुल्क में छूट तथा दिव्यांगजनों के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा रहे कार्यों और हरेला पर्व पर 500 से अधिक पौधों के रोपण को भी सराहनीय बताया।

ज्ञान के साथ चरित्र निर्माण भी शिक्षा का उद्देश्य : राज्यपाल

अध्यक्षीय संबोधन में राज्यपाल एवं कुलाधिपति डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने उपाधि प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि दीक्षांत समारोह केवल डिग्री हासिल करने का अवसर नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। श्रीमद्भगवद्गीता के श्लोक ‘न हि ज्ञानेन सदृशं पवित्रमिह विद्यते’ का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल उपाधि प्राप्त करना नहीं, बल्कि व्यक्ति के चरित्र, चिंतन और व्यवहार को श्रेष्ठ बनाना भी है।

उन्होंने कहा कि मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से विश्वविद्यालय पर्वतीय और दुर्गम क्षेत्रों के विद्यार्थियों, महिलाओं, कामकाजी लोगों, सैनिकों तथा शिक्षा से वंचित वर्गों तक उच्च शिक्षा पहुंचाने का सराहनीय कार्य कर रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय की सामुदायिक पहलों की प्रशंसा करते हुए अनुसंधान, नवाचार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने पर जोर दिया।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस की बड़ी कामयाबी, लाखों की स्मैक के साथ तस्कर गिरफ्तार

राज्यपाल ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता और डिजिटल तकनीक के इस दौर में युवाओं के लिए निरंतर कौशल विकास आवश्यक है। हालांकि तकनीकी प्रगति मानवीय विवेक, नैतिकता और संवेदनशीलता के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने युवाओं से विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में योगदान देने, राष्ट्र प्रथम की भावना अपनाने, संवैधानिक कर्तव्यों का पालन करने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

उत्तराखण्ड में पलायन की समस्या पर उन्होंने कहा कि स्थानीय स्तर पर शिक्षा, कौशल और रोजगार के अवसर विकसित करके इसका समाधान किया जा सकता है। पर्यटन, होमस्टे, जैविक कृषि, उद्यानिकी, योग, आयुर्वेद और स्थानीय उत्पादों के क्षेत्र में रोजगार एवं स्वरोजगार की अपार संभावनाएं हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय से इन क्षेत्रों में शोध और कौशल विकास को बढ़ावा देने की अपेक्षा की।

‘उड़ान’ पत्रिका का विमोचन, प्राध्यापक हुए सम्मानित

समारोह के दौरान विश्वविद्यालय की पत्रिका ‘उड़ान’ का विमोचन किया गया। साथ ही शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्राध्यापकों को सम्मानित किया गया। विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में लायंस क्लब हल्द्वानी ग्रीन सिटी के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ व्यापारी नेता डॉ. प्रमोद अग्रवाल ‘गोल्डी’ की ओर से प्रायोजित तीन स्वर्ण पदक भी प्रदान किए गए। इनमें लाला देवकीनंदन नंद किशोर एजेंसीज की ओर से स्नातक स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा, स्वर्गीय श्रीमती शीला देवी की स्मृति में स्नातकोत्तर स्तर पर सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली छात्रा तथा स्वर्गीय श्रीमती भगवती देवी की स्मृति में एम.कॉम. में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी के लिए स्वर्ण पदक शामिल रहे।

मुख्य समारोह के साथ विश्वविद्यालय परिसर में संगीत विभाग की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कार्यक्रमों ने समारोह में उत्साह और सांस्कृतिक गरिमा का वातावरण बनाया। अन्य गतिविधियों का संचालन डॉ. शशांक शुक्ला, डॉ. सुचित्रा अवस्थी, गौरव उपाध्याय एवं हर्षिता मेहता ने किया।

समारोह में विश्वविद्यालय के अधिकारी, विभिन्न विद्याशाखाओं के निदेशक, प्राध्यापक, कर्मचारी, शोधार्थी, विद्यार्थी एवं उनके परिजन उपस्थित रहे। 11वां दीक्षांत समारोह विश्वविद्यालय की शैक्षणिक उपलब्धियों के साथ उच्च शिक्षा के विस्तार, शोध, नवाचार और सामाजिक सरोकारों के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करने वाला अवसर बना।