उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

30 नवंबर तक घर बैठे करें स्व-गणना, सांसद अजय भट्ट ने की जनपदवासियों से अपील

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – जनगणना-2027 के तहत संचालित स्व-गणना अभियान में सांसद अजय भट्ट, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और नगर पालिका परिषद रामनगर के अध्यक्ष मो. अकरम ने अपना स्व-गणना फॉर्म भरकर अभियान में सहभागिता की। इस दौरान उन्होंने जनपदवासियों से भी निर्धारित समयावधि में ऑनलाइन स्व-गणना कर राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

सांसद अजय भट्ट ने कहा कि स्व-गणना जनगणना प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है। इसके माध्यम से प्रत्येक नागरिक अपने परिवार और घर से संबंधित आवश्यक जानकारियां स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकता है। इससे जनगणना की प्रक्रिया अधिक सरल, सुविधाजनक और पारदर्शी बनेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे 30 नवंबर तक अपना स्व-गणना फॉर्म अवश्य भरें और परिवार के सभी सदस्यों की सही एवं पूर्ण जानकारी दर्ज करें। साथ ही अन्य लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करें।

सटीक जनगणना से बनेगी विकास की बेहतर योजना

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने कहा कि देश के विकास के लिए सही और सटीक जानकारी बेहद जरूरी है। जनगणना के आंकड़ों के आधार पर ही जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और पात्र लोगों तक उनका लाभ पहुंचाने में मदद मिलती है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में प्रत्येक परिवार की भागीदारी आवश्यक है।

यह भी पढ़ें 👉  जनगणना-2027: मुख्यमंत्री ने ऑनलाइन दर्ज किया परिवार का ब्योरा, 16 नवंबर से स्व-गणना शुरू

मोबाइल और लैपटॉप से घर बैठे कर सकते हैं स्व-गणना

अधिकारियों ने बताया कि जनगणना-2027 में पहली बार नागरिकों को स्व-गणना की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। इसके तहत लोग प्रगणक के घर पहुंचने का इंतजार किए बिना मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर के माध्यम से अपनी जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। यह सुविधा वैकल्पिक है और नागरिक अपनी सुविधा के अनुसार निर्धारित अवधि में फॉर्म भर सकते हैं।

नैनीताल जनपद में स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक चलेगी। इसके लिए आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर राज्य और पसंदीदा भाषा का चयन करना होगा। इसके बाद जनगणना के प्रथम चरण (HLO) में दिए गए मोबाइल नंबर और ओटीपी के माध्यम से लॉगिन कर परिवार का विवरण दर्ज किया जा सकता है। पोर्टल पर घर का सटीक स्थान चिह्नित करने के साथ परिवार के सभी सदस्यों की जानकारी भरनी होगी।

यह भी पढ़ें 👉  बनभूलपुरा में वारंटियों के खिलाफ पुलिस का अभियान, पांच आरोपियों की गिरफ्तारी

फॉर्म में पूछे जाएंगे 40 सवाल

स्व-गणना फॉर्म में कुल 40 प्रश्न शामिल हैं। इनमें परिवार के सदस्यों के नाम, मुखिया से संबंध, लिंग, जन्मतिथि, आयु, वैवाहिक स्थिति, राष्ट्रीयता, धर्म, अनुसूचित जाति-जनजाति से संबंधित जानकारी, मातृभाषा, शिक्षा, रोजगार, व्यवसाय, जन्म स्थान, पूर्व निवास, बच्चों की संख्या और विभिन्न पहचान एवं सुविधाओं से संबंधित विवरण शामिल हैं।

फॉर्म भरने से पहले परिवार के सभी सदस्यों के नाम, जन्मतिथि, शिक्षा, व्यवसाय, मातृभाषा और अन्य जरूरी जानकारियां तैयार रखने की सलाह दी गई है। अधिकारियों के अनुसार, पहचान संबंधी दस्तावेजों की जानकारी दर्ज करनी होगी, लेकिन दस्तावेज अपलोड करने की आवश्यकता नहीं है।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल में जल संरक्षण और बारानी खेती को बढ़ावा, 394 लाभार्थियों व समूहों को मिला आर्थिक सहयोग

फॉर्म जमा करने के बाद मिलेगी 11 अंकों की आईडी

स्व-गणना फॉर्म सफलतापूर्वक जमा होने के बाद स्क्रीन पर ‘P’ अक्षर से शुरू होने वाली 11 अंकों की विशेष स्व-गणना आईडी (SE ID) मिलेगी। यह आईडी मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी। नागरिकों को इसे सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। जनगणना के अगले चरण में जब प्रगणक घर पहुंचेगा, तब उसे यह आईडी उपलब्ध करानी होगी, ताकि दर्ज की गई जानकारी का मिलान किया जा सके।

अधिकारियों ने बताया कि स्व-गणना से प्रगणकों का कार्य भी आसान होगा और नागरिकों का समय बचेगा। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और जनगणना-2027 को सफल बनाने में सहयोग करें।