देहरादून – उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ चलने वाली ठंडी हवाओं का असर मैदानी क्षेत्रों में भी देखने को मिलेगा और तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के आसार हैं। मौसम में बदलाव के चलते पहाड़ों के साथ मैदानी इलाकों में भी सुबह और शाम के समय ठंड का असर बढ़ने की संभावना है।
15 नवंबर तक बदला रहेगा मौसम का मिजाज

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 15 नवंबर तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बने रहने की संभावना है। पहाड़ों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी का सीधा असर तापमान पर पड़ेगा। इसके बाद 16 और 17 नवंबर को प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
धूप से दिन में राहत, सुबह-शाम बढ़ रही ठंड
बृहस्पतिवार को देहरादून में दिनभर चटक धूप खिली रही। इसके चलते दिन के समय ठंड का असर कम महसूस हुआ, जबकि सुबह और शाम के वक्त मौसम अपेक्षाकृत ठंडा रहा। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, देहरादून का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री अधिक 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी मौसम का कुछ ऐसा ही मिजाज देखने को मिला। हालांकि, आने वाले दिनों में बारिश, बर्फबारी और ठंडी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

