उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

सरकारी कार्यालयों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, CDO ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – विकास कार्यों में लापरवाही और सरकारी कार्यालयों में कर्मचारियों की अनुपस्थिति को लेकर मुख्य विकास अधिकारी अरविन्द कुमार पाण्डेय ने सख्त रुख अपनाया है। बुधवार को उन्होंने विकास खंड कार्यालय हल्द्वानी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान पांच कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जबकि सात कर्मचारी बिना अवकाश स्वीकृत कराए छुट्टी पर मिले। सीडीओ ने सभी 12 कर्मचारियों से स्पष्टीकरण लेने और संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित तिथि का वेतन रोकने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  आंदोलनकारियों के सपनों का उत्तराखंड बनाने का संकल्प, धारी में सम्मान समारोह आयोजित

निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने विकास खंड में संचालित विभिन्न योजनाओं और विभागीय कार्यों की समीक्षा की। इनमें वीबी-जी राम जी, एनआरएलएम, ग्रामोत्थान, विधायक निधि, सांसद निधि, पंचायतीराज, युवा कल्याण, समाज कल्याण और लघु सिंचाई विभाग के कार्य शामिल रहे।

निधियों का उपयोग नहीं होने पर जताई नाराजगी

समीक्षा के दौरान विधायक निधि, सांसद निधि, राज्य वित्त और 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत प्राप्त धनराशि का पूर्ण उपयोग नहीं होने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उपलब्ध धनराशि का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से उपयोग सुनिश्चित किया जाए, ताकि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी न हो।

यह भी पढ़ें 👉  मतदान से लेकर मतगणना तक की तैयारी तेज, जिलाधिकारी ने नियुक्त किए नोडल अधिकारी

भीमताल के बीडीओ से भी मांगा स्पष्टीकरण

मुख्य विकास अधिकारी ने दूरभाष पर खंड विकास अधिकारी भीमताल से संपर्क किया तो जानकारी मिली कि उन्होंने बिना अवकाश स्वीकृत कराए और बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय छोड़ दिया है। इस पर सीडीओ ने उनका स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए।

यह भी पढ़ें 👉  भवन मरम्मत से टैक्सी बाइक संचालन तक उठे मुद्दे, राज्यमंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं

भीमताल के तीन कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की संस्तुति

विकास खंड कार्यालय भीमताल के निरीक्षण में अनुपस्थित पाए गए तीन कर्मचारियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की तैयारी है। सीडीओ ने इन कर्मचारियों की सेवा समाप्ति की कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी नैनीताल को संस्तुति भेजने के निर्देश दिए हैं।

निरीक्षण के दौरान सहायक परियोजना निदेशक डीआरडीए चंदा फर्त्याल, खंड विकास अधिकारी बीएस बिष्ट, सहायक खंड विकास अधिकारी सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।