हल्द्वानी – प्रदेश के राजकीय मेडिकल कॉलेजों में लंबे समय से खाली चल रहे फैकल्टी के पदों को भरने के लिए चिकित्सा शिक्षा निदेशालय अब भर्ती प्रक्रिया की रणनीति में बदलाव करने की तैयारी कर रहा है। चयन के बावजूद उत्तर भारत के कई डॉक्टरों के ज्वाइन नहीं करने से भर्ती प्रक्रिया प्रभावित हो रही है। ऐसे में अब पूर्वी और दक्षिण भारत के डॉक्टरों को भर्ती प्रक्रिया से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में फैकल्टी की कमी दूर करने के लिए चिकित्सा शिक्षा निदेशालय साक्षात्कार के माध्यम से भर्ती कर रहा है। हालांकि, चयनित अभ्यर्थियों के ज्वाइन नहीं करने से रिक्त पदों को भरने की चुनौती बनी हुई है। इसके विपरीत दक्षिण भारत के डॉक्टरों की इंटरव्यू में भागीदारी बेहतर सामने आई है। इसे देखते हुए निदेशालय अब दक्षिण और पूर्वी भारत के राज्यों में भर्ती विज्ञप्ति जारी करने तथा वहां के अभ्यर्थियों को अधिक संख्या में अवसर देने के विकल्प पर विचार कर रहा है।
बाहरी राज्यों के डॉक्टर उत्तराखंड में दिखा रहे रुचि

चिकित्सा शिक्षा निदेशालय के अनुसार, पिछले छह महीनों में तमिलनाडु, कर्नाटक, नागालैंड, असम और आंध्र प्रदेश से डॉक्टरों ने उत्तराखंड में आयोजित इंटरव्यू में भागीदारी की है। इन राज्यों के अभ्यर्थियों ने उत्तराखंड में काम करने के प्रति रुचि दिखाई है। इसके पीछे शांत वातावरण, पहाड़ी राज्य में काम करने का अवसर, नए मेडिकल कॉलेज, उपलब्ध सुविधाएं और पर्वतीय जिलों में मिलने वाला बेहतर वेतन प्रमुख कारण बताए जा रहे हैं।
प्रदेश में सात राजकीय मेडिकल कॉलेज
वर्तमान में उत्तराखंड में सात राजकीय मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। इनमें अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, हल्द्वानी, रुद्रपुर, देहरादून, हरिद्वार और श्रीनगर शामिल हैं। इन सभी संस्थानों में फैकल्टी के रिक्त पदों को भरना निदेशालय के सामने बड़ी चुनौती है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, प्रदेश के मेडिकल कॉलेजों में करीब 35 प्रतिशत डॉक्टरों की कमी बनी हुई है।
देहरादून में एक ही स्थान पर इंटरव्यू कराने की तैयारी
चिकित्सा शिक्षा निदेशालय भर्ती प्रक्रिया को सरल और प्रभावी बनाने के लिए एकीकृत व्यवस्था पर भी काम कर रहा है। इसके तहत प्रदेश के विभिन्न मेडिकल कॉलेजों के लिए देहरादून में एक ही स्थान पर इंटरव्यू आयोजित कराने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। हालांकि, भर्ती प्रक्रिया में बदलाव को लेकर अंतिम निर्णय होना अभी बाकी है।
क्या कहते हैं निदेशक चिकित्सा शिक्षा
चिकित्सा शिक्षा निदेशक डॉ. आशुतोष सयाना के अनुसार, पिछले इंटरव्यू में बाहरी राज्यों से आए अभ्यर्थियों से फीडबैक लिया गया था। उन्होंने उत्तराखंड में काम करने की इच्छा जताई है। इसी को देखते हुए अब संबंधित राज्यों में भी भर्ती विज्ञप्ति जारी करने का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। साथ ही प्रदेशभर के मेडिकल कॉलेजों के लिए देहरादून में एकीकृत इंटरव्यू आयोजित कराने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है।

