नैनीताल – उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की वर्षगांठ को भव्य और आकर्षक रूप से मनाने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों को आयोजन की जिम्मेदारियां सौंपते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर जनपद के प्रमुख राजकीय भवनों को एलईडी लाइटों से रोशन किया जाएगा। कुमाऊं मंडल विकास निगम भी अपने कार्यालयों और पर्यटक आवास गृहों को आकर्षक ढंग से प्रकाशित करेगा।
नैनीताल और हल्द्वानी में होगी मैराथन दौड़

स्थापना दिवस के अवसर पर नैनीताल और हल्द्वानी में मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। नैनीताल में दौड़ डीएसए मैदान मल्लीताल से शुरू होकर निर्धारित मार्गों से होते हुए वापस डीएसए मैदान में संपन्न होगी। वहीं, हल्द्वानी में गौलापार स्टेडियम से मैराथन शुरू होकर निर्धारित स्थलों से गुजरते हुए स्टेडियम में ही समाप्त होगी।
दोनों स्थानों पर आयोजित दौड़ में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ एनसीसी और एनएसएस कैडेट भी प्रतिभाग करेंगे। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला क्रीड़ा अधिकारी को आपसी समन्वय से आयोजन कराने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को मेडिकल सुविधाओं से युक्त दो एंबुलेंस की व्यवस्था तथा पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था सुचारू रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई।
शहीद स्मारक पर अर्पित की जाएगी श्रद्धांजलि
राज्य स्थापना दिवस पर सुबह नौ बजे तल्लीताल स्थित राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय प्रताप सिंह जोशी मार्ग के शहीद स्मारक पर राज्य आंदोलन के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। कार्यक्रम में अधिकारी-कर्मचारी, शहर के गणमान्य नागरिक और अन्य लोग शामिल होंगे। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को शहीद स्मारक की साफ-सफाई, रंग-रोगन और पुष्पमालाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सुबह 10 बजे डीएसए मैदान में राज्य स्थापना दिवस का मुख्य समारोह आयोजित होगा। दोपहर 12 बजे नैनी झील में नौकायन प्रतियोगिता शुरू होगी, जबकि दोपहर एक बजे से डीएसए मैदान में हिमालय फूड फेस्टिवल आयोजित किया जाएगा। इसमें पहाड़ के पारंपरिक और स्थानीय व्यंजनों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों और छोलिया नृत्य से सजेगा समारोह
जिलाधिकारी ने नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग और संबंधित अधिकारियों को मंच, स्टॉल, साउंड सिस्टम, लाइटिंग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। नगर में विशेष सफाई अभियान चलाकर व्यवस्था दुरुस्त करने के साथ नौकायन, सेलिंग, रिंगाटा, दीपदान और अन्य गतिविधियों की तैयारियां भी सुनिश्चित करने को कहा गया।
जल संस्थान को निर्बाध जलापूर्ति, जिला पूर्ति अधिकारी को अतिथियों के जलपान तथा उद्यान विभाग को अतिथि सत्कार की जिम्मेदारी दी गई। जिला पर्यटन विकास अधिकारी को हिमालय फूड फेस्टिवल और टेंट व्यवस्था का दायित्व सौंपा गया। विद्युत विभाग को मुख्य मंच और स्टॉलों में विद्युत संयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य शिक्षा अधिकारी, संस्कृति विभाग और सूचना विभाग को आपसी समन्वय से उद्घोषक, बैंड प्रस्तुति, सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकियों और छोलिया नृत्य सहित विभिन्न प्रस्तुतियां आयोजित कराने को कहा गया।
बैठक में अपर जिलाधिकारी सौरभ अस्वाल, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार पंत, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, उपजिलाधिकारी रेखा कोहली, जिला पर्यटन अधिकारी, मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, सीओ नैनीताल सहित विद्युत, स्वास्थ्य, उद्यान और नगर पालिका के अधिकारी मौजूद रहे।

