उत्तराखण्ड ज़रा हटके भीमताल

धारी के ग्रामीणों को घर के नजदीक सरकारी सुविधा, मंत्री कैड़ा की पहल पर लगा शिविर

ख़बर शेयर करें -

भीमताल/धारी – ग्रामीण क्षेत्रों के श्रमिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उनके गांव के नजदीक उपलब्ध कराने की पहल के तहत कैबिनेट मंत्री एवं भीमताल विधायक राम सिंह कैड़ा ने धारी ब्लॉक के ग्रामसभा लेटीबुंगा में श्रम विभाग का विशेष कैंप आयोजित कराया। इस कैंप में उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकृत श्रमिकों को खाद्य सामग्री, बच्चों की स्कूल किट सहित विभिन्न उपयोगी सामग्री वितरित की गई।

लेटीबुंगा गांव में आयोजित इस कैंप में आसपास के 15 गांवों के श्रमिकों एवं ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र के ग्रामीणों को श्रम विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए पहले हल्द्वानी तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती थी। इसमें उनका काफी समय और पैसा खर्च होता था। कई बार इतनी परेशानी उठाने के बाद भी उन्हें योजनाओं का लाभ नहीं मिल पाता था।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में चेकिंग के दौरान पुलिस को मिली सफलता, कच्ची शराब के साथ एक गिरफ्तार

ग्रामीणों की इस समस्या को देखते हुए लेटीबुंगा में ही श्रम विभाग का विशेष कैंप आयोजित कराया गया, ताकि श्रमिकों को उनके घर के नजदीक ही सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीणों को छोटी-छोटी सुविधाओं के लिए हल्द्वानी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

श्रमिक परिवारों के लिए संचालित हैं कई कल्याणकारी योजनाएं

मंत्री कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार श्रमिकों के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। कर्मकार कल्याण बोर्ड और श्रम विभाग के माध्यम से श्रमिकों के बच्चों को छात्रवृत्ति, श्रमिक परिवारों की बेटियों के विवाह के लिए आर्थिक सहायता, प्रसूति महिलाओं को सहायता तथा श्रमिक की मृत्यु होने पर उसके आश्रितों को आर्थिक मदद जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  नशे के कारोबार पर चम्पावत पुलिस का शिकंजा, कार और नकदी समेत सामान बरामद

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रयासों से श्रमिकों और उनके परिवारों के लिए निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्त जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।

चार ब्लॉकों में लगाए जा रहे श्रम विभाग के कैंप

मंत्री ने बताया कि नैनीताल जनपद के भीमताल विधानसभा क्षेत्र के धारी, ओखलकांडा, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में श्रम विभाग के विशेष कैंप आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य अधिक से अधिक पंजीकृत श्रमिकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करना है।

यह भी पढ़ें 👉  छई गांव के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना, प्रशासन और SDRF अलर्ट

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का संकल्प है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए विभागीय स्तर पर लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर ग्रामीणों एवं श्रमिकों ने गांव के नजदीक कैंप आयोजित कर उन्हें सामग्री और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख भावना आर्या, मंडल अध्यक्ष कृष्ण चंद्र, संजय नयाल, हरेंद्र नयाल, प्रकाश चंद्र नानू, ललित शर्मा, गुड्डू नयाल, अनीता नयाल, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, श्रम विभाग के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।