उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

बच्चों की सुरक्षा को लेकर नैनीताल पुलिस की पहल, डायल 112 की दी जानकारी

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – बच्चों की सुरक्षा और बाल अपराधों की रोकथाम के उद्देश्य से नैनीताल पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) और CCR हल्द्वानी की संयुक्त टीम ने बुधवार, 14 अक्टूबर को बनभूलपुरा स्थित राजकीय प्राथमिक उच्चतर विद्यालय में जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान विद्यार्थियों को बाल अपराध, साइबर क्राइम, मानव तस्करी और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन, पुलिस उपाधीक्षक हल्द्वानी एवं AHTU की नोडल अधिकारी अंजना नेगी के पर्यवेक्षण तथा AHTU प्रभारी महिला उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर के नेतृत्व में यह अभियान आयोजित किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  कैंचीधाम जाम पर केंद्रीय मंत्री सख्त, अधिकारियों को वैकल्पिक मार्गों के प्रस्ताव जल्द बनाने के निर्देश

संदिग्ध गतिविधि की सूचना पुलिस को दें

जागरूकता अभियान के दौरान पुलिस टीम ने बच्चों को मानव तस्करी, भिक्षावृत्ति, बच्चों के विरुद्ध होने वाले अपराधों और साइबर अपराध से बचाव के तरीकों के बारे में बताया। विद्यार्थियों को अपनी सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करने की सलाह दी गई।

पुलिसकर्मियों ने बच्चों को समझाया कि यदि वे किसी अपराध, असुरक्षित स्थिति या संदिग्ध गतिविधि का सामना करते हैं, तो बिना डरे इसकी सूचना पुलिस को दें। समय रहते जानकारी मिलने से संभावित अपराधों की रोकथाम और पीड़ितों की मदद में सहायता मिल सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  दोस्तों के साथ फोटो खींचने गया किशोर नदी में बहा, एसडीआरएफ जुटी तलाश में

आपात स्थिति में डायल 112 की जानकारी दी

टीम ने विद्यार्थियों को आपातकालीन परिस्थितियों में पुलिस सहायता प्राप्त करने के लिए डायल 112 के उपयोग के बारे में भी जानकारी दी। अभियान का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और पुलिस सहायता की उपलब्धता के प्रति जागरूक करना रहा।

यह भी पढ़ें 👉  8 से 10 अक्टूबर तक बूथों पर कैंप, 12 से 20 अक्टूबर तक घर-घर पहुंचेगा निर्वाचन अमला

अभियान में पुलिसकर्मी रहे मौजूद

जागरूकता अभियान में उपनिरीक्षक सुनीता कुंवर, उपनिरीक्षक रमेश चंद्र पाठक, अपर उपनिरीक्षक ज्योति पेंटोला, हेड कांस्टेबल प्रहलाद सिंह, महिला कांस्टेबल जानकी भंडारी, कांस्टेबल महेश सायना, राजेन्द्र जोशी और गोविन्द मेहरा शामिल रहे।