उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

भीड़ में बिछड़ी 10 वर्षीय बच्ची, पुलिस की अनाउंसमेंट से नाना-नानी तक पहुंची

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – नंदा-सुनंदा महोत्सव के दौरान नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था के साथ मानवीय संवेदनशीलता का भी परिचय दिया। मेले में परिजनों से बिछड़ी 10 वर्षीय बच्ची को पुलिस ने कुछ ही समय में सकुशल उसके नाना-नानी से मिलवा दिया।

महोत्सव के दौरान कमला (10) एक महिला को अकेली और रोती हुई मिली। महिला ने बच्ची को तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचाकर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इसके बाद पुलिस कंट्रोल रूम की टीम ने बच्ची के परिजनों की तलाश शुरू की और लगातार अनाउंसमेंट कराया।

यह भी पढ़ें 👉  प्लास्टिक को ना, जूट बैग को हां: नंदा देवी महोत्सव में ‘सेल्फी विद जूट बैग’ अभियान

अनाउंसमेंट के बाद बच्ची के नाना-नानी, निवासी विद्या, हल्द्वानी, पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे। पुलिस ने पहचान और आवश्यक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के बाद बच्ची को सकुशल उसके नाना-नानी के सुपुर्द कर दिया। परिजनों ने बच्ची की पहचान के लिए आधार कार्ड भी प्रस्तुत किया।

बच्ची को सकुशल पाकर परिजनों ने नैनीताल पुलिस और पुलिस कंट्रोल रूम की टीम का आभार जताया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से परिजनों के चेहरे पर राहत और खुशी लौट आई।

यह भी पढ़ें 👉  नशे के कारोबार पर पुलिस की नजर, बनभूलपुरा में स्मैक के साथ गिरफ्तारी

भीड़ में बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान

नैनीताल पुलिस ने मेले में आने वाले श्रद्धालुओं से अपील की है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बच्चों का हाथ थामे रखें और उन्हें अकेला न छोड़ें। साथ ही बच्चों एवं बुजुर्गों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें। यदि कोई व्यक्ति अपने परिजनों से बिछड़ जाता है तो तत्काल नजदीकी पुलिसकर्मी, पुलिस सहायता केंद्र अथवा पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क करें।

यह भी पढ़ें 👉  एसआईआर को लेकर राजनीतिक दलों के साथ बैठक, निर्वाचन विभाग ने साझा की प्रक्रिया की जानकारी