रुद्रपुर – शहर में बुधवार को पुलिस की अचानक चेकिंग से स्पा सेंटरों, होटल और गेस्ट हाउस संचालकों में हड़कंप मच गया। अलग-अलग टीमों में पहुंचे 50 से अधिक पुलिसकर्मियों ने 15 से ज्यादा प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान वहां मौजूद लोगों और कर्मचारियों के पहचान-पत्रों की जांच करने के साथ होटल और गेस्ट हाउसों में दर्ज एंट्री का रिकॉर्ड भी खंगाला गया।
पुलिस टीमों ने स्पा सेंटरों में मौजूद कर्मचारियों और ग्राहकों से भी पूछताछ की। चेकिंग के दौरान 14 से अधिक महिला-पुरुष पुलिस की जांच के दायरे में आए, जिनसे पूछताछ कर आवश्यक जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने संदिग्ध पाए गए लोगों का सत्यापन भी शुरू कर दिया है।
रजिस्टर और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच
चेकिंग के दौरान कई होटल और गेस्ट हाउसों में रजिस्टर तथा डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की गई। पुलिस ने संचालकों को निर्देश दिए कि प्रतिष्ठान में आने वाले प्रत्येक ग्राहक का पहचान-पत्र और जरूरी विवरण नियमानुसार दर्ज किया जाए। रिकॉर्ड में किसी तरह की अनियमितता पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

स्पा सेंटरों में कर्मचारियों और ग्राहकों से पूछताछ के साथ संचालकों से लाइसेंस एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी ली गई। पुलिस ने प्रतिष्ठानों में नाबालिगों के प्रवेश और किसी भी तरह की गैरकानूनी गतिविधि को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
मानव तस्करी और अनैतिक गतिविधियों पर नजर
पुलिस ने होटल, गेस्ट हाउस और स्पा सेंटर संचालकों को मानव तस्करी और अनैतिक देह व्यापार जैसी गैरकानूनी गतिविधियों को लेकर सतर्क रहने को कहा। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी प्रतिष्ठान में अवैध गतिविधि सामने आने पर संचालक अथवा कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच की जाएगी।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि चेकिंग के दौरान रिकॉर्ड, लाइसेंस अथवा अन्य नियमों से संबंधित गड़बड़ी मिलने पर संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। किसी गैरकानूनी गतिविधि में संचालक या कर्मचारी की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई होगी।
पुलिस ने चेकिंग के दौरान संदिग्ध पाए गए ठिकानों और व्यक्तियों से संबंधित जानकारी जुटा ली है। अधिकारियों के मुताबिक ऐसे स्थानों पर आगे भी निगरानी और सत्यापन की कार्रवाई जारी रहेगी।

