उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

स्टाइपेंड नहीं तो आंदोलन जारी रहेगा, एलाइड हेल्थ इंटर्न ने सरकार को बताई मांग

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के इंटर्न छात्रों ने स्टाइपेंड की मांग को लेकर हड़ताल शुरू कर दी है। छात्रों ने इंटर्नशिप के दौरान कम से कम 15 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिए जाने की मांग उठाई है। छात्रों का कहना है कि वे पिछले करीब दो वर्षों से इस मांग को शासन-प्रशासन और मुख्यमंत्री के समक्ष रखते आ रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया।

हड़ताल पर बैठे छात्रों के अनुसार राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी में एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के वर्ष 2022, 2023, 2024 और 2025 बैच के छात्र इंटर्नशिप कर चुके हैं या कर रहे हैं। उनका कहना है कि इंटर्नशिप के दौरान अस्पताल में नियमित सेवाएं देने के बावजूद उन्हें किसी प्रकार का मासिक मानदेय या स्टाइपेंड नहीं दिया जा रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  गौरव सेनानी मिलन में गूंजा सैनिक सम्मान का संदेश, धामी ने गिनाईं सरकार की उपलब्धियां

पुरानी व्यवस्था बहाल करने की मांग

छात्रों का कहना है कि वर्ष 2005 से पहले पैरामेडिकल विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के दौरान मानदेय दिए जाने की व्यवस्था थी। वर्ष 2020 में पैरामेडिकल और एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन का पाठ्यक्रम दोबारा संचालित होने के बाद से इंटर्न छात्रों को स्टाइपेंड नहीं मिलने का मुद्दा लगातार उठाया जा रहा है।

छात्रों ने कहा कि इंटर्नशिप उनके व्यावहारिक प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस दौरान वे अस्पताल में मरीजों से संबंधित विभिन्न सेवाओं और कार्यों में अपनी भूमिका निभाते हैं। ऐसे में बिना किसी मानदेय के इंटर्नशिप करना आर्थिक रूप से चुनौतीपूर्ण हो रहा है।

यह भी पढ़ें 👉  कुमाऊं के ट्रैफिक को मिलेगी रफ्तार, दो महत्वपूर्ण बाईपास परियोजनाओं को सैद्धांतिक मंजूरी

शासनादेश जारी करने की मांग

हड़ताल कर रहे छात्रों ने सरकार से मांग की है कि एलाइड हेल्थ केयर प्रोफेशन के इंटर्न छात्रों के लिए 15 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड निर्धारित करते हुए शासनादेश जारी किया जाए। उनका कहना है कि इस संबंध में कई बार संबंधित अधिकारियों और मुख्यमंत्री तक अपनी मांग पहुंचाई गई, लेकिन सकारात्मक निर्णय नहीं होने के कारण आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

यह भी पढ़ें 👉  रामलीला मैदान में चेकिंग के दौरान पकड़ा गया युवक, तमंचा और कारतूस बरामद

छात्रों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांग पर सरकार की ओर से ठोस और सकारात्मक निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रखने पर विचार किया जाएगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेते हुए जल्द स्टाइपेंड की व्यवस्था लागू करने की अपील की है।