उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

डकैती के 10 आरोपियों में अब तक आठ गिरफ्तार, 1.40 लाख नकदी और हथियार बरामद

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर हुई लाखों रुपये की डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए दो और वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त वरना कार और लूटी गई 1.40 लाख रुपये की नकदी बरामद की है।

19 अगस्त को गोरापड़ाव में 10-12 हथियारबंद लोगों द्वारा डकैती की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी। नारायण दास की तहरीर पर कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 284/26, धारा 310(2) बीएनएस के तहत 10 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों ने कार्यालय/गैराज में घुसकर करीब आठ लाख रुपये की नकदी, 12 मोबाइल फोन तथा सोने की चेन और अंगूठियां लूटने की वारदात को अंजाम दिया था।

50 सदस्यीय टीम ने संभाली थी जांच की कमान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए घटना के शीघ्र खुलासे के लिए करीब 50 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की थी। टीम में एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, एएसपी/सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी समेत विभिन्न थाना पुलिस, एसओजी, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, बीडीएस/डॉग स्क्वायड एवं क्राइम सीन विशेषज्ञों को शामिल किया गया।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, सर्विलांस, मैनुअल इंटेलीजेंस और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू की। इससे पहले मामले में यश सिडाना, वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू, रखवीर सिंह, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

यह भी पढ़ें 👉  ई-भूलेख से डाउनलोड खतौनी होगी मान्य, विभागों को स्वीकार करना होगा ऑनलाइन दस्तावेज,डीएम ने जारी किए स्पष्ट आदेश

हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से गिरफ्तारी

अन्य वांछित आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी क्रम में 27 अगस्त को तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल इंटेलीजेंस के आधार पर पुलिस ने हल्द्वानी-पंतनगर एयरपोर्ट के पीछे से दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  एसएसपी मंजूनाथ की कलाई पर सजा रक्षा सूत्र, ब्रह्माकुमारी बहनों ने बांधी राखी

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहब सिंह उर्फ साबी (27) पुत्र जसवंत सिंह, निवासी गज्जीपुर, थाना मिलक खानम, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश तथा गुरवंत सिंह उर्फ गोपी (26) पुत्र जसवीर सिंह, निवासी नूरपुर, थाना स्वार, जिला रामपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।

तमंचे और लूटी रकम बरामद

पुलिस के अनुसार साहब सिंह के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, 89,700 रुपये की लूटी गई नकदी और वरना कार संख्या UK-08-7517 बरामद हुई। वहीं गुरवंत सिंह उर्फ गोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और 50,300 रुपये बरामद किए गए।

दोनों आरोपियों से कुल 1.40 लाख रुपये की नकदी, दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस और घटना में प्रयुक्त वरना कार बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।

यह भी पढ़ें 👉  हर बूथ पर सक्रिय होगी भाजपा की टीम, जिला कार्य योजना बैठक में संगठन विस्तार और कार्यकर्ता सत्यापन पर हुआ मंथन

दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया

पुलिस के अनुसार साहब सिंह उर्फ साबी के खिलाफ नानकमत्ता, केलाखेड़ा, दिनेशपुर और रामनगर थानों में मारपीट, जानलेवा हमले, गैंग संबंधी धाराओं एवं आर्म्स एक्ट समेत कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं गुरवंत सिंह उर्फ गोपी के खिलाफ भी नानकमत्ता थाने में गंभीर धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। पुलिस दोनों के आपराधिक इतिहास की अन्य जानकारी जुटा रही है।

पुलिस टीम की कार्रवाई से उत्साहित होकर एसएसपी नैनीताल ने टीम को 2500 रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की है। पुलिस के अनुसार डकैतीकांड से जुड़े अन्य पहलुओं और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास लगातार जारी हैं।