उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

स्तनपान से मिलेगा स्वस्थ बचपन, जिलेभर में जागरूकता अभियान शुरू

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत जनपद नैनीताल में विश्व स्तनपान सप्ताह का शुभारंभ किया गया। सप्ताहभर चलने वाले इस विशेष अभियान के दौरान जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं, उपकेंद्रों एवं समुदाय स्तर पर गर्भवती एवं धात्री माताओं को स्तनपान के महत्व और उसके स्वास्थ्य लाभों के प्रति जागरूक किया जाएगा।

अभियान के तहत आशा कार्यकर्ता, एएनएम एवं स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर माताओं और उनके परिजनों को स्तनपान से जुड़ी वैज्ञानिक एवं व्यवहारिक जानकारी उपलब्ध करा रही हैं। गृह भ्रमण, परामर्श सत्र और जनजागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से नवजात शिशु के पोषण और मातृ स्वास्थ्य से जुड़े महत्वपूर्ण संदेश दिए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  100 साल की स्मृति, सेवा और संघर्ष की विरासत , गुलाब सिंह को कांग्रेस का नमन

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रश्मि पंत ने कहा कि मां का दूध नवजात शिशु के लिए सबसे सुरक्षित, संपूर्ण और प्राकृतिक आहार है। इससे शिशु को आवश्यक पोषण मिलने के साथ उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है और वह डायरिया, निमोनिया, कुपोषण सहित कई गंभीर संक्रमणों से सुरक्षित रहता है।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक नवजात को जन्म के पहले एक घंटे के भीतर स्तनपान शुरू कराने तथा जन्म के तुरंत बाद त्वचा से त्वचा संपर्क (स्किन-टू-स्किन कॉन्टैक्ट) सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दे रहा है। उन्होंने कहा कि जीवन के पहले छह माह तक केवल मां का दूध ही शिशु के शारीरिक, मानसिक और बौद्धिक विकास के लिए पर्याप्त होता है।

यह भी पढ़ें 👉  तुमड़िया डैम की सरकारी जमीन पर कब्जे की शिकायत, आयुक्त ने दिए कार्रवाई के निर्देश

सीएमओ ने बताया कि छह माह बाद शिशु को आयु के अनुरूप पौष्टिक ऊपरी आहार शुरू करने के साथ-साथ दो वर्ष या उससे अधिक समय तक स्तनपान जारी रखने की सलाह दी जाती है।

अभियान के दौरान स्वास्थ्य कर्मी धात्री महिलाओं और उनके परिवारों को यह भी समझा रहे हैं कि जन्म के बाद नवजात को घुट्टी, शहद, पानी या किसी भी प्रकार का प्री-लैक्टियल फीड न दें तथा बिना चिकित्सकीय सलाह के डिब्बाबंद दूध का प्रयोग करने से बचें। नियमित स्तनपान से माताओं को भी प्रसव के बाद शीघ्र स्वास्थ्य लाभ मिलने के साथ कई स्वास्थ्य संबंधी लाभ प्राप्त होते हैं।

यह भी पढ़ें 👉  काठगोदाम में चरस तस्करी पर पुलिस-STF का शिकंजा, 1.155 किलो चरस के साथ दो गिरफ्तार

मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि प्रत्येक नवजात को जीवन की बेहतर शुरुआत देने के लिए स्तनपान को प्राथमिकता दें और स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित इस जनजागरूकता अभियान में सक्रिय सहयोग करें।