उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

संकट मोचन मंदिर में गुरु पूर्णिमा का उल्लास, पुलिस अधिकारियों ने श्रद्धालुओं को बांटा प्रसाद

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कोतवाली हल्द्वानी परिसर स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर में बाबा नीम करौली महाराज के श्रीचरणों में श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में विशेष धार्मिक अनुष्ठान एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल पुलिस में पदोन्नति का गौरवपूर्ण पल, सुशील जोशी बने इंस्पेक्टर

गुरु पूर्णिमा के अवसर पर पुलिस प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में समुचित व्यवस्थाएं की गईं। मंदिर के बाहर आयोजित भंडारे में स्थानीय नागरिकों एवं भक्तों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया।

इस दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी., पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह ने स्वयं श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया। पुलिस अधिकारियों ने गुरु सेवा के साथ जनसेवा का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनपदवासियों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गुरु का मार्गदर्शन मानव जीवन की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि धर्मगुरु, इष्ट गुरु अथवा शिक्षक—सभी हमारे जीवन को सही दिशा प्रदान करते हैं और उनके प्रति सम्मान, श्रद्धा एवं उनके बताए मार्ग पर चलना प्रत्येक व्यक्ति का नैतिक दायित्व है।

यह भी पढ़ें 👉  चार दिन से लापता किशोर का शव नदी से बरामद, सिर पर चोट के निशान मिलने का दावा

श्रद्धा, सेवा और सौहार्द के वातावरण में आयोजित इस कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों, स्थानीय नागरिकों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर गुरु पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया।

यह भी पढ़ें 👉  रक्षाबंधन पर ‘लोकल’ को अपनाने की अपील, महिलाओं ने तैयार की आकर्षक रेशमी राखियां