हल्द्वानी – नैनीताल पुलिस परिवार के लिए बुधवार का दिन गौरवपूर्ण रहा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. की अध्यक्षता में एसएसपी कार्यालय, हल्द्वानी में आयोजित गरिमामयी पीपिंग सेरेमनी में थानाध्यक्ष मुखानी सुशील चन्द्र जोशी को उपनिरीक्षक से निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया गया। इस अवसर पर एसएसपी ने उनके कंधों पर पारंपरिक रूप से अलंकार एवं सितारे सजाकर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं और बधाई दी।
समारोह को संबोधित करते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने कहा कि पदोन्नति किसी भी पुलिस अधिकारी की कर्तव्यनिष्ठा, समर्पण और उत्कृष्ट कार्य का सम्मान होती है। उन्होंने विश्वास जताया कि निरीक्षक सुशील जोशी अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और जनसेवा की भावना के साथ नई जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन करते हुए नैनीताल पुलिस की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
25 वर्षों के सेवाकाल में निभाई कई अहम जिम्मेदारियां
ऊधम सिंह नगर जनपद के शांतिपुरी निवासी सुशील चन्द्र जोशी ने 10 अक्टूबर 2001 को उत्तराखंड पुलिस में कांस्टेबल के रूप में सेवा शुरू की थी। उनकी पहली तैनाती हरिद्वार में हुई। वर्ष 2008 में विभागीय पदोन्नति परीक्षा उत्तीर्ण कर वे उपनिरीक्षक बने और प्रशिक्षण के बाद उत्तरकाशी में पहली नियुक्ति मिली।

वर्ष 2010 में उनका स्थानांतरण नैनीताल जनपद हुआ, जहां उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर, ज्योलीकोट, मल्ला, काठगोदाम, लामाचौड़, मेडिकल और बैलपड़ाव सहित कई चौकियों में प्रभारी के रूप में सेवाएं दीं। वर्ष 2020 में पिथौरागढ़ स्थानांतरित होने के बाद उन्होंने थानाध्यक्ष बेरीनाग एवं वरिष्ठ उपनिरीक्षक कोतवाली पिथौरागढ़ के रूप में जिम्मेदारियां निभाईं। इसके बाद पुनः नैनीताल लौटकर उन्होंने बनभूलपुरा कोतवाली में वरिष्ठ उपनिरीक्षक तथा वर्तमान में मुखानी थानाध्यक्ष के रूप में उल्लेखनीय सेवाएं दीं।
अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
पीपिंग सेरेमनी में एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, एसएसपी के वाचक रमेश सिंह नेगी, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता सहित पुलिस विभाग के अनेक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने निरीक्षक सुशील जोशी को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं और उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।

