उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

सहकारिता के साथ हरियाली का संदेश, ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत हुआ वृहद वृक्षारोपण

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत शुक्रवार को जनपद नैनीताल में हरेला पर्व-वृहद वृक्षारोपण अभियान का आयोजन किया गया। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत सहकारिता विभाग एवं नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड, हल्द्वानी के संयुक्त तत्वावधान में कुंवरपुर सहकारी समिति परिसर सहित विभिन्न समितियों में फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।

इस अवसर पर जनपद नैनीताल ने सहकारिता के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि भी हासिल की। जनपद की सभी प्राथमिक कृषि ऋण सहकारी समितियों (PACS) को 100 प्रतिशत ई-पैक्स (E-PACS) घोषित कर दिया गया। इस उपलब्धि के साथ नैनीताल प्रदेश के उन चुनिंदा जनपदों में शामिल हो गया है, जहां सभी सहकारी समितियों का सफलतापूर्वक डिजिटलीकरण पूरा हो चुका है।

यह भी पढ़ें 👉  आईजी कुमाऊं ने बेतालघाट थाने में कसी व्यवस्था की नकेल, ऑनलाइन रिकॉर्ड और जनसुनवाई पर दिया विशेष जोर

सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने बताया कि राज्य स्तर पर लंबे समय से सभी समितियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे थे। अब जनपद की सभी समितियों के E-PACS बनने से किसानों को विभिन्न सहकारी सेवाएं अधिक पारदर्शी, त्वरित एवं ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध हो सकेंगी। इससे ऋण वितरण, अभिलेख प्रबंधन, कृषि सेवाओं तथा अन्य सहकारी सुविधाओं का लाभ किसानों तक पहले से अधिक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।

इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर संयुक्त निबंधक सहकारी समितियां, उत्तराखंड नीरज बेलवाल ने जनपद नैनीताल की पूरी टीम को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सहकारी समितियों का डिजिटलीकरण सहकारिता क्षेत्र में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।

यह भी पढ़ें 👉  एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर मुक्तेश्वर पुलिस का शिकंजा, शराब तस्कर गिरफ्तार

कार्यक्रम में नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के सचिव एवं महाप्रबंधक आर.एस. रैना ने कहा कि ई-पैक्स व्यवस्था लागू होने से किसानों को आधुनिक तकनीक आधारित सेवाओं का लाभ मिलेगा और सहकारी समितियों की कार्यप्रणाली अधिक प्रभावी बनेगी। उन्होंने कहा कि सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण और डिजिटल सहकारिता दोनों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जा रहा है।

जिला सहायक निबंधक सहकारी समितियां डी.एस. नपलचियाल ने कहा कि सहकारिता विभाग किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आधुनिक तकनीक आधारित सेवाओं का विस्तार कर रहा है। वहीं जिला सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष रविंद्र सिंह रैकुनी ने कहा कि सहकारिता आंदोलन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए सभी समितियां निरंतर कार्य कर रही हैं।

यह भी पढ़ें 👉  41 साल की सेवा के बाद भावुक विदाई, नैनीताल पुलिस परिवार ने 6 कर्मियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान उप महाप्रबंधक कविता गोदियाल, के.एस. रैकुली, दीपक चंद्र भट्ट, विनोद चौधरी, भारत पंत सहित सहकारिता विभाग एवं नैनीताल डिस्ट्रिक्ट को-ऑपरेटिव बैंक के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा सहकारिता आंदोलन को और अधिक सशक्त बनाने का संदेश दिया।