उत्तराखण्ड ऋषिकेश ज़रा हटके

ड्यूटी निभाकर लौट रहे चौकी प्रभारी की दर्दनाक मौत, खाई में गिरी स्कॉर्पियो

ख़बर शेयर करें -

ऋषिकेश/मुनिकीरेती। उत्तराखंड पुलिस के लिए मंगलवार की सुबह बेहद दुखद खबर लेकर आई। थाना मुनिकीरेती क्षेत्र की शिवपुरी चौकी के प्रभारी विनोद शर्मा का एक दर्दनाक सड़क हादसे में निधन हो गया। उनकी निजी स्कॉर्पियो वाहन बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चौकी प्रभारी विनोद शर्मा देर रात मुनिकीरेती थाने से ड्यूटी पूरी कर शिवपुरी चौकी लौट रहे थे। इसी दौरान शिवपुरी से पहले उनकी स्कॉर्पियो अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसा देर रात होने के कारण इसकी जानकारी तत्काल नहीं मिल सकी। बाद में राहगीरों और स्थानीय लोगों द्वारा घटना की सूचना पुलिस प्रशासन को दी गई।

यह भी पढ़ें 👉  सांसद अजय भट्ट के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, विजयपुर गांव को मिली सड़क और कॉजवे निर्माण की सौगात

सूचना मिलते ही पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचा। खाई की गहराई और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच राहत अभियान चलाकर वाहन तक पहुंच बनाई गई। टीम ने काफी मशक्कत के बाद चौकी प्रभारी का शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश भेज दिया।

रानीपोखरी निवासी विनोद शर्मा केवल एक पुलिस अधिकारी ही नहीं, बल्कि देश सेवा के प्रति समर्पित एक जांबाज सैनिक भी रहे थे। पुलिस विभाग में आने से पहले उन्होंने भारतीय सेना में अपनी सेवाएं दी थीं। सेना से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने उत्तराखंड पुलिस में शामिल होकर जनसेवा का दायित्व संभाला। अपने कार्यकाल में उन्होंने अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और ईमानदार कार्यशैली से अलग पहचान बनाई।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं के विकास की आवाज बने कमलेश चंदौला, मुख्यमंत्री धामी को सौंपा मांग पत्र

विनोद शर्मा पूर्व में ढालवाला और कैलाश गेट चौकी प्रभारी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। क्षेत्र में उनकी छवि एक संवेदनशील, मिलनसार और जिम्मेदार पुलिस अधिकारी की रही है।

यह भी पढ़ें 👉  शांतिपूर्ण और ऐतिहासिक रहा कैंची धाम मेला, एसएसपी नैनीताल ने कहा- सबके सहयोग से मिली सफलता

उनके आकस्मिक निधन की खबर से उत्तराखंड पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों, सहकर्मियों और क्षेत्रवासियों ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है। पुलिस महकमे ने एक कर्तव्यनिष्ठ अधिकारी और समाज ने एक समर्पित जनसेवक को खो दिया है।