उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

22 से 25 जून के बीच उत्तराखंड पहुंच सकता है मानसून, कई जिलों में तेज हवाओं की चेतावनी

ख़बर शेयर करें -

देहरादून। उत्तराखंड में बीते कुछ दिनों से पड़ रही तेज गर्मी और उमस के बीच मौसम विभाग ने राहत की संभावना जताई है। मौसम विज्ञान केंद्र ने सोमवार को प्रदेश के कई जिलों में तेज हवाएं चलने और हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया है। इसके मद्देनजर देहरादून समेत आठ जिलों के लिए येलो अलर्ट घोषित किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की बारिश की भी संभावना जताई गई है।

यह भी पढ़ें 👉  ऑपरेशन प्रहार का असर, लंबे समय से फरार वारंटी गिरफ्तार

रविवार को प्रदेशभर में चटक धूप और उमस ने लोगों को बेहाल किए रखा। खासकर मैदानी क्षेत्रों में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाए। देहरादून में सुबह से तेज धूप खिलने के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग तीन डिग्री सेल्सियस अधिक 36.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से एक डिग्री अधिक 24.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पर्वतीय जिलों में भी अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश में मानसून की दस्तक अब करीब है। अनुमान है कि 22 से 25 जून के बीच मानसून उत्तराखंड पहुंच सकता है। मानसून के आगमन के साथ ही प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदलने लगेगा और तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।

यह भी पढ़ें 👉  जनपद में अपराधियों पर शिकंजा, अलग-अलग कार्रवाइयों में तीन गिरफ्तार

मौसम विभाग के अनुसार 27 जून तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा। इस दौरान कई जिलों में बादल छाने, तेज हवाएं चलने और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

यह भी पढ़ें 👉  लोक भवन में सामूहिक योगाभ्यास में शामिल हुए राज्यपाल, योग को जीवन का संस्कार और राष्ट्र निर्माण का आधार बनाने का किया आह्वान

मौसम विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों तथा कमजोर संरचनाओं से दूरी बनाए रखने की अपील की है। विशेष रूप से पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।