नैनीताल – अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) ने लोक भवन में आयोजित सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में प्रतिभाग कर प्रदेशवासियों सहित देश-विदेश में योग साधना से जुड़े सभी लोगों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने योग को भारत की सनातन संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और विश्व कल्याण का आधार बताते हुए इसे जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।
राज्यपाल ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस भारत की ऋषि परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक ज्ञान का वैश्विक उत्सव है। आज पूरा विश्व भारत की उस अमूल्य ज्ञान परंपरा को सम्मान दे रहा है, जिसने मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन, शांति और आत्मबोध का मार्ग दिखाया है।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन, बुद्धि, आत्मा और परमात्मा के दिव्य मिलन का माध्यम है। योग व्यक्ति को आत्मबोध, समाज को समरसता और विश्व को ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ का संदेश देता है। योग संतुलित, श्रेष्ठ और सार्थक जीवन जीने का सनातन विज्ञान है।

राज्यपाल ने कहा कि हिमालय की पावन भूमि सदियों से योग, ध्यान और आध्यात्मिक साधना का केंद्र रही है। यहां की तपोभूमि से निकला ज्ञान आज पूरी मानवता को आत्मोन्नति और सुखमय जीवन का मार्ग प्रदान कर रहा है। गंगा, हिमालय और उत्तराखंड के तीर्थस्थल आज भी संयम, साधना और विश्व कल्याण की जीवंत परंपरा के प्रतीक हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज योग वैश्विक जन-आंदोलन बन चुका है। संयुक्त राष्ट्र द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को मान्यता मिलना भारत की सांस्कृतिक शक्ति और आध्यात्मिक विरासत का ऐतिहासिक सम्मान है। योग भारत की ऐसी सॉफ्ट पावर है जिसने पूरी दुनिया को प्रभावित किया है।
राज्यपाल ने कहा कि योग प्रकृति के साथ सामंजस्य, संतुलित जीवनशैली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है। यह ‘सर्वे भवन्तु सुखिनः, सर्वे सन्तु निरामयाः’ की भावना को साकार करने का माध्यम है और संपूर्ण मानवता के लिए स्वास्थ्य, सद्भाव और शांति का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने कहा कि योग को व्यक्ति से परिवार, परिवार से समाज, समाज से राष्ट्र और राष्ट्र से विश्व कल्याण की यात्रा का माध्यम बनाना हमारी संस्कृति का संदेश और विकसित भारत के निर्माण की दिशा में सामूहिक संकल्प है। सभी नागरिकों को योग को अपने जीवन का संस्कार, परिवार की परंपरा और राष्ट्र निर्माण का आधार बनाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान कुमाऊं विश्वविद्यालय के योग विभाग के विद्यार्थियों ने सामूहिक योगाभ्यास और लयबद्ध योग प्रस्तुति देकर सभी को प्रभावित किया। कार्यक्रम में राज्यपाल के परिसहाय अमित श्रीवास्तव, सुमित कुमार शादिजा, संयुक्त निदेशक सूचना डॉ. नितिन उपाध्याय, कंट्रोलर प्रमोद चमोली सहित लोक भवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

