लालकुआं – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में जनपदभर में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत फरार अपराधियों और वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में लालकुआं पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण, क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार सैनी के मार्गदर्शन तथा प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था।
अभियान के तहत चौकी हल्दूचौड़ प्रभारी उपनिरीक्षक अर्जुन गोस्वामी एवं उनकी टीम ने कार्रवाई करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी आनंद सक्सैना पुत्र जगदीश सक्सैना निवासी बैरीपड़ाव, गोला गेट, शिव मंदिर के पास, खड़कपुर, हल्दूचौड़, लालकुआं, जनपद नैनीताल को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त के विरुद्ध माननीय न्यायालय द्वारा वारंट जारी किया गया था, जिसके अनुपालन में लगातार उसकी तलाश की जा रही थी। मुखबिर तंत्र एवं पुलिस की सक्रियता के चलते आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार वारंटी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ उपनिरीक्षक अर्जुन गोस्वामी एवं कांस्टेबल गुरमेज सिंह शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि ऑपरेशन प्रहार के तहत फरार अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

