हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अजय भट्ट ने बुधवार को सुशीला तिवारी चिकित्सालय पहुंचकर कालाढूंगी के लाल मिट्टी क्षेत्र में हुई सड़क दुर्घटना में घायल यात्रियों का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती सभी घायलों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
गौरतलब है कि बीते रोज कालाढूंगी के लाल मिट्टी क्षेत्र में एक टेंपो ट्रैवलर के ब्रेक फेल होने से गंभीर सड़क दुर्घटना हो गई थी, जिसमें 27 यात्री घायल हो गए थे। सभी घायलों का उपचार वर्तमान में सुशीला तिवारी अस्पताल में चल रहा है।
अस्पताल पहुंचकर सांसद अजय भट्ट ने चिकित्सकों एवं अस्पताल प्रशासन से घायलों के उपचार की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अस्पताल के प्राचार्य एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

सांसद ने कहा कि प्रत्येक घायल की स्वास्थ्य स्थिति पर विशेष निगरानी रखी जाए और आवश्यकता पड़ने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने घायलों एवं उनके परिजनों से बातचीत कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
इस दौरान सांसद ने कहा कि प्रदेश सरकार और जिला प्रशासन दुर्घटना पीड़ितों के साथ पूरी संवेदनशीलता के साथ खड़ा है। उन्होंने दुर्घटना में घायल सभी यात्रियों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए उनके परिजनों को ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
सांसद के अस्पताल पहुंचने से घायलों एवं उनके परिजनों को संबल मिला। अस्पताल प्रशासन ने भी भरोसा दिलाया कि सभी घायलों का बेहतर उपचार किया जा रहा है और उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

