हल्द्वानी/लालकुआं – जनपद में नशे के कारोबार और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत नैनीताल पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए एक स्मैक तस्कर और एक कच्ची शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्मैक और कच्ची शराब बरामद कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल एवं क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई।
बनभूलपुरा में स्मैक तस्कर गिरफ्तार
कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस ने चेकिंग अभियान के दौरान एक युवक को स्मैक के साथ गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक दिनेश चंद्र फर्त्याल के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम गश्त एवं संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी। इसी दौरान चोरगलिया रोड रेलवे फाटक के पास एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 8.33 ग्राम स्मैक बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद दानिश अंसारी निवासी इंद्रानगर, बनभूलपुरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का पूर्व में भी नशीले पदार्थों की तस्करी से संबंधित मामलों में आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज हैं।
लालकुआं में कच्ची शराब के साथ आरोपी दबोचा

उधर, कोतवाली लालकुआं पुलिस ने बिंदुखत्ता क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को 34 पाउच कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया। प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच कर रही थी।
चेकिंग के दौरान सुभाष नगर बैरियर के सामने रेलवे क्रॉसिंग के पास स्थित खाली मैदान से अमित कश्यप नामक युवक को गिरफ्तार किया गया। उसके पास मौजूद प्लास्टिक के कट्टे से 34 पाउच कच्ची शराब बरामद हुई।
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह यह शराब बिंदुखत्ता क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति के कहने पर बेचता था और इसके बदले उसे प्रतिदिन मेहनताना दिया जाता था। पुलिस ने मामले में संबंधित व्यक्ति के खिलाफ भी आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
नशे के खिलाफ अभियान रहेगा जारी
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत नशे के कारोबार, अवैध शराब तस्करी और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस का कहना है कि समाज को नशामुक्त बनाने और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

