उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

मुख्यमंत्री ने छात्रावास की बालिकाओं संग सुना प्रधानमंत्री का 134वां संस्करण, छात्राओं से किया संवाद

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में नेताजी सुभाष चन्द्र बोस आवासीय बालिका छात्रावास की छात्राओं के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें संस्करण को सुना। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम देशवासियों को प्रेरित करने वाला एक प्रभावी और सशक्त मंच बन चुका है, जिसके माध्यम से समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहे लोगों की प्रेरक कहानियां जन-जन तक पहुंच रही हैं।

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा आत्मनिर्भर भारत, पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, नवाचार, स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने तथा सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर दिए जा रहे संदेश समाज में सकारात्मक परिवर्तन का आधार बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री देशभर के ऐसे लोगों की प्रेरणादायक कहानियां साझा करते हैं, जो अपने कार्यों से समाज में बदलाव ला रहे हैं और दूसरों को भी जनहित में कार्य करने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें 👉  लालकुआं में संदिग्ध परिस्थितियों में नवविवाहिता की मौत, परिजनों ने उठाए सवाल

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड में भी अनेक ऐसे लोग हैं, जो अपने समर्पण और नवाचार से समाज में उल्लेखनीय परिवर्तन ला रहे हैं। राज्य सरकार ऐसे व्यक्तियों और प्रयासों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने भीषण गर्मी के मौसम में स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने और गर्मी से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियां अपनाने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने देसी और पारंपरिक पेय पदार्थों को अपनाने तथा आम सहित भारतीय फलों की विशेषताओं पर भी प्रकाश डाला।

यह भी पढ़ें 👉  सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल योजनाओं से अल्मोड़ा के विकास को मिलेगी नई रफ्तार

कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री धामी ने छात्रावास की छात्राओं से संवाद कर ‘मन की बात’ कार्यक्रम के संबंध में उनके विचार और अनुभव जाने। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद एवं अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी सक्रिय भागीदारी करने के लिए प्रेरित किया।

यह भी पढ़ें 👉  नैनीताल की दुकान से कपड़ा गायब होने के बाद फुटेज खंगालने पर सामने आई घटना, व्यापारियों में चिंता

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जीवन में छोटे-छोटे सकारात्मक प्रयास बड़े बदलावों की नींव रखते हैं। जब कोई व्यक्ति निष्ठा और समर्पण के साथ अच्छा कार्य करता है तो वह दूसरों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनता है। उन्होंने छात्राओं से अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और समाज में सकारात्मक योगदान देने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा शक्ति देश और समाज के भविष्य की आधारशिला है तथा उनके सकारात्मक प्रयासों से राष्ट्र निर्माण को नई दिशा मिलती है।