लक्सर। नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन में पति के साथ सफर कर रही एक नवविवाहिता संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई। मामले ने अब गंभीर रूप ले लिया है। पुलिस ने पहले गुमशुदगी दर्ज की थी, लेकिन लगातार तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर अब मामले को अपहरण की धाराओं में दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के कानपुर निवासी मनीष अग्रहरि का विवाह करीब तीन माह पूर्व प्रज्ञा सिंह के साथ हुआ था। दंपति केदारनाथ दर्शन के बाद 5 मई को देहरादून से गाजियाबाद जाने के लिए नंदा देवी एक्सप्रेस ट्रेन में सवार हुए थे। मनीष ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10:30 बजे दोनों ट्रेन में बैठे थे। हरिद्वार तक दोनों के बीच बातचीत होती रही, लेकिन इसके बाद उन्हें नींद आ गई।
मनीष के अनुसार जब ट्रेन रुड़की पहुंची तो उनकी आंख खुली। उन्होंने देखा कि उनकी पत्नी सीट पर मौजूद नहीं थी। पहले उन्होंने ट्रेन के कोच में काफी तलाश की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। इसके बाद घटना की जानकारी परिजनों को दी गई।

महिला की आखिरी लोकेशन बहादरपुर खादर गांव के पास रेलवे बाईपास क्षेत्र में मिलने की सूचना पर परिजन लक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचे और सीसीटीवी फुटेज देखने की मांग की। यहां उन्हें बताया गया कि स्टेशन पर लगे अधिकांश कैमरे बंद पड़े हैं। यह सुनते ही परिजन भड़क उठे और रेलवे प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी और लक्सर कोतवाली पुलिस हरकत में आई। जीआरपी के उपनिरीक्षक अतुल चौहान ने रेलवे स्टेशन और बाईपास क्षेत्र के कैमरों की जांच कराई, लेकिन जांच में सामने आया कि ट्रेन वहां रुकी ही नहीं थी।
इसके बाद लक्सर पुलिस ने महिला की गुमशुदगी दर्ज कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान और चौकी प्रभारी विपिन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने ऐथल से बहादरपुर बाईपास होते हुए डोसनी तक रेलवे ट्रैक और आसपास के क्षेत्रों में तलाश अभियान चलाया।
पुलिस ने हाईवे क्षेत्र में भी महिला की तलाश तेज कर दी है। अधिकारियों के अनुसार रेलवे ट्रैक के साथ-साथ लक्सर-रुड़की हाईवे पर भी संभावित सुराग खंगाले जा रहे हैं। अलग-अलग पुलिस टीमें लगातार सर्च ऑपरेशन में जुटी हुई हैं।
वहीं लगातार तलाश के बावजूद कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस ने मामले को अब अपहरण की धाराओं में दर्ज कर लिया है। बाजार चौकी प्रभारी विपिन कुमार की ओर से अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
लक्सर स्टेशन पर बंद पड़े हैं 40 से अधिक CCTV कैमरे
घटना के बाद लक्सर रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था भी सवालों के घेरे में आ गई है। स्टेशन परिसर, प्लेटफॉर्म, फुट ओवरब्रिज और सर्कुलेटिंग एरिया में लगे 40 से अधिक सीसीटीवी कैमरे बंद पड़े मिले। यात्रियों और स्थानीय लोगों का कहना है कि कैमरे चालू होते तो महिला की तलाश में अहम सुराग मिल सकते थे।
यात्रियों ने आरोप लगाया कि चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही के बावजूद रेलवे प्रशासन सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है।
स्टेशन अधीक्षक केआर मीणा ने बताया कि स्टेशन पर नए कैमरे लगाए गए हैं और उपकरणों को दूसरे कक्ष में शिफ्ट किया जा रहा है। डीवीआर रिकॉर्डिंग और इंस्टॉलेशन की प्रक्रिया पूरी न होने के कारण कैमरे अभी पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाए हैं।
फिलहाल पुलिस और परिजन महिला की तलाश में जुटे हुए हैं। मामले को लेकर क्षेत्र में भी तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।

