उत्तराखण्ड क्राइम खटीमा

एसएसपी के नंबर का दुरुपयोग करने पर कार्रवाई, आरोपी ने बाद में मांगी माफी,20 हजार के मुचलके में चालान

ख़बर शेयर करें -

खटीमा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर के सरकारी मोबाइल नंबर पर शराब के नशे में बार-बार कॉल कर झूठी सूचना देने और पुलिस को गुमराह करने वाले एक व्यक्ति के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उत्तराखंड पुलिस अधिनियम के तहत चालान किया है।

जानकारी के अनुसार ग्राम नौगवांठग्गू, कोतवाली खटीमा निवासी 40 वर्षीय करन सिंह पुत्र जसवंत सिंह द्वारा शराब के नशे में एसएसपी ऊधम सिंह नगर के सरकारी नंबर पर लगातार अनुचित तरीके से कॉल कर मिथ्या सूचना दी जा रही थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक खटीमा के निर्देश पर उपनिरीक्षक अनुराग सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच की।

यह भी पढ़ें 👉  नशे की खेप के साथ पांच गिरफ्तार, एक आरोपी पर पहले से दो NDPS मुकदमे

जांच के दौरान करन सिंह शराब के गहरे नशे में पाया गया। पुलिस के अनुसार उसने न केवल झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह किया बल्कि पूछताछ के दौरान पुलिस कर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया।

इसके बाद पुलिस टीम ने परिजनों की मदद से उसे सरकारी अस्पताल खटीमा पहुंचाया, जहां मेडिकल परीक्षण में उसके द्वारा अत्यधिक मात्रा में शराब का सेवन किए जाने की पुष्टि हुई। बताया गया कि अस्पताल में भी उसने हंगामा किया, जिससे मेडिकल स्टाफ और पुलिस को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

यह भी पढ़ें 👉  एसएसपी नैनीताल के निर्देश पर देर रात चेकिंग, ड्रंकन ड्राइविंग समेत 70 वाहनों पर कार्रवाई

पुलिस के मुताबिक नशे की हालत में करन सिंह ने घर के चैनल में अपनी अंगुली फंसा ली थी, जिससे वह घायल हो गया था और लगातार रक्तस्राव हो रहा था। उसकी पत्नी पूजा सिंह और बेटे चंदन की सहायता से उसे काफी समझाने के बाद अस्पताल ले जाया गया।

नशा उतरने के बाद करन सिंह ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगी और भविष्य में ऐसी हरकत दोबारा न करने का आश्वासन दिया।

यह भी पढ़ें 👉  ‘ड्रग फ्री देवभूमि’ अभियान के तहत कार्रवाई, नशीली दवाओं के साथ आरोपी दबोचा

पुलिस ने एसएसपी के सरकारी नंबर का दुरुपयोग करने, झूठी सूचना देकर अफवाह फैलाने तथा पुलिस को गुमराह करने के आरोप में करन सिंह का उत्तराखंड पुलिस अधिनियम 2007 की धारा 83 के तहत ₹20 हजार के मुचलके पर चालान कर न्यायालय में प्रस्तुत किया।

कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक (वरिष्ठ) अनुराग सिंह, कांस्टेबल किशोर कुमार एवं पीआरडी अमन कुमार शामिल रहे।