उत्तराखण्ड काशीपुर क्राइम

अवैध संबंध बना मौत की वजह, पति को शराब में जहर देकर नहर में फेंका शव

ख़बर शेयर करें -

काशीपुर। उत्तराखंड के काशीपुर क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है, जिसमें एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की शराब में जहर मिलाकर उसकी हत्या कर दी और बाद में शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शव को एसडीआरएफ की मदद से बरामद कर लिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम खानपुर उत्तरी मझरा रज्जावाला थाना स्वार, जिला रामपुर (उत्तर प्रदेश) निवासी चंद्रवती ने 1 मई को आईटीआई कोतवाली में तहरीर देकर अपने बेटे कुलवंत सिंह के लापता होने की सूचना दी थी। उन्होंने आशंका जताई थी कि उनके बेटे के साथ कोई अनहोनी हो सकती है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।

यह भी पढ़ें 👉  निर्वाचन आयोग का विशेष अभियान, मतदाता सूची की विसंगतियों पर होगी पारदर्शी सुनवाई

जांच के दौरान पता चला कि कुलवंत सिंह 25 अप्रैल को अपनी पत्नी गुड्डी के पास ग्राम धीमरखेड़ा पार का मंझरा, काशीपुर गया था, जिसके बाद वह वापस नहीं लौटा। पूछताछ में पत्नी गुड्डी का व्यवहार संदिग्ध पाया गया। साथ ही यह भी जानकारी मिली कि उसका कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या निवासी मसवासी, स्वार (रामपुर) से प्रेम प्रसंग चल रहा था।

पुलिस ने सर्विलांस के माध्यम से दोनों के मोबाइल लोकेशन की जांच की, जिससे घटना के दिन दोनों के घटनास्थल पर मौजूद होने की पुष्टि हुई। इसके बाद गुड्डी को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की गई, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

यह भी पढ़ें 👉  131 हिमाच्छादित गांवों से होगी जनगणना की शुरुआत, मोबाइल ऐप से जुटाया जाएगा डेटा

आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति शराब पीने का आदी था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इन परिस्थितियों से तंग आकर उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत 25 अप्रैल को उसने अपने प्रेमी से सल्फास, शराब और बीयर मंगवाई। इसके बाद पति को शराब में जहर मिलाकर पिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

यह भी पढ़ें 👉  15 बड़े फैसलों पर कैबिनेट की मुहर, उत्तराखंड में विकास को मिली नई रफ्तार

हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने शव को कार में रखकर एनएच-74 बाईपास पुल से तुमड़िया डैम से निकलने वाली बड़ी नहर में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एसडीआरएफ टीम के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया और जसपुर क्षेत्र की गढ़ी हुसैन नहर से शव बरामद कर लिया।

एसएसपी अजय गणपति ने रविवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।