उधम सिंह नगर – जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गूलरभोज–दिनेशपुर क्षेत्र में सरकारी भूमि पर बने अवैध धार्मिक ढांचों को ध्वस्त कर दिया। यह कार्रवाई तड़के भारी पुलिस बल की मौजूदगी में की गई।
प्रशासन के अनुसार संबंधित ढांचे सिंचाई विभाग की जमीन पर अवैध कब्जा कर बनाए गए थे। करीब तीन माह पहले सर्वे के बाद कब्जाधारकों को भूमि स्वामित्व और निर्माण से जुड़े दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया गया।
सिंचाई विभाग ने ठंडा नाला क्षेत्र में अन्य अतिक्रमणकारियों को भी नोटिस दिया था। कुछ मामलों में कब्जाधारकों ने न्यायालय की शरण ली, जहां उन्हें राहत नहीं मिली और बाद में सुप्रीम कोर्ट से स्थगन आदेश प्राप्त किया गया। हालांकि जिन धार्मिक संरचनाओं पर कोई स्थगन आदेश नहीं था, उन्हें नियमानुसार हटाया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि तीनों ढांचों का निर्माण बिना अनुमति के किया गया था और भूमि स्वामित्व के दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए। सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए यह कार्रवाई की गई।

