नैनीताल – भुजियाघाट क्षेत्र में एक पोस्टमैन का शव गधेरे में मिलने से सनसनी फैल गई है। यह मामला अब हत्या, आत्महत्या या हादसे के बीच उलझ गया है और पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
मृतक की पहचान 52 वर्षीय नवीन चंद्र निवासी बंदरजूड़ा, बैलपोखरा के रूप में हुई है, जो कोटाबाग के पवलगढ़ पोस्ट ऑफिस में पोस्टमैन के पद पर कार्यरत थे। बताया जा रहा है कि वह अपनी बड़ी बेटी की 21 अप्रैल को होने वाली शादी के कार्ड बांटने के लिए अपने पैतृक गांव सुयालबाड़ी (अल्मोड़ा) जा रहे थे।
परिजनों के अनुसार, शुक्रवार रात उनकी बातचीत परिवार से हुई थी, जिसमें उन्होंने भवाली में रुकने और अगले दिन आगे जाने की बात कही थी। इसके बाद उनका मोबाइल फोन बंद हो गया। शनिवार शाम को भुजियाघाट के गधेरे में उनका शव बरामद हुआ।

शव पर किसी प्रकार के गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं, हालांकि कुछ स्थानों पर फिसलने के संकेत जरूर पाए गए हैं। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि वह गधेरे तक कैसे पहुंचे और क्या यह हादसा था या कोई अन्य कारण।
घटनास्थल से मिले बैग में आधार कार्ड के जरिए उनकी पहचान की गई। बैग में मिले शादी के कार्ड पर छपे प्रिंटिंग प्रेस के नंबर के माध्यम से पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब उन्हें सुयालबाड़ी जाना था, तो वह भुजियाघाट कैसे पहुंचे। साथ ही उनका मोबाइल फोन अभी तक बरामद नहीं हुआ है, जिससे संदेह और गहरा गया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। साथ ही कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) की जांच और मोबाइल की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस रहस्यमयी मौत की सच्चाई सामने आ पाएगी।

