उत्तराखण्ड ज़रा हटके नैनीताल

नैनीताल रोड पर बड़ा हादसा टला, पुलिस की सूझबूझ आई काम….  

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग पर एक बड़ा हादसा उस समय टल गया जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मंजूनाथ टीसी की सूझबूझ और तत्परता से चलती रोडवेज बस में लगी आग को समय रहते बुझा लिया गया।

घटना मंगलवार रात करीब 10:05 बजे की है। एसएसपी क्षेत्र भ्रमण पर थे, तभी भोटियापड़ाव के पास उनके आगे चल रही अल्मोड़ा से दिल्ली जा रही रोडवेज बस के टायर से अचानक आग की लपटें उठती दिखाई दीं। बस चालक को इस खतरे की भनक तक नहीं थी।

यह भी पढ़ें 👉  वार्ड 6 में कचरा पृथक्करण की पांच कार्यशालाएं, 100 परिवारों को समझाया स्वच्छता का पाठ

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी ने तुरंत अपनी गाड़ी से बस को ओवरटेक कर रुकवाया। बस रुकते ही उन्होंने पुलिस टीम के साथ सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद पास के पेट्रोल पंप से फायर एक्सटिंग्विशर मंगवाकर टायर में लगी आग पर काबू पाया गया। साथ ही कंट्रोल रूम को सूचना देकर अतिरिक्त पुलिस बल भी मौके पर बुलाया गया।

बस में सवार करीब 10 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और उन्हें उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कर रवाना किया गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। एसएसपी ने कहा कि जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और वाहन चालकों को यात्रा से पहले अपने वाहनों की तकनीकी जांच अवश्य करनी चाहिए, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।