नैनीताल – सचिव मुख्यमंत्री एवं कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने मंगलवार को खुर्पाताल क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर जनसमस्याओं का मौके पर समाधान किया। इस दौरान उन्होंने प्राथमिक विद्यालय खुर्पाताल के गेट पर ताला लगाने को लेकर चल रहे विवाद को ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और शिक्षा विभाग के साथ वार्ता कर सुलझा दिया।
आयुक्त ने निर्देश दिए कि विद्यालय परिसर के गेट पर नया ताला लगाया जाए, जिसकी चाबियां प्राथमिक विद्यालय, ग्राम पंचायत खुर्पाताल और परिसर में संचालित उद्यान विभाग के पास रहेंगी, ताकि आवश्यकता अनुसार सभी शासकीय कार्यों के लिए मैदान का उपयोग किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने प्राथमिक विद्यालय, राजकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय, पंचायत घर और जिला विकास प्राधिकरण की भूमि का भी जायजा लिया। प्राधिकरण की भूमि पर कचरा डाले जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताते हुए राजस्व विभाग को निर्देश दिए कि दो दिन के भीतर दोषियों की पहचान कर प्रत्येक पर ₹5,000 का जुर्माना लगाया जाए।

खुर्पाताल झील के किनारे 30 मीटर परिधि में बने होटल और भवनों पर भी आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने मौके से ही जिला विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश देते हुए संबंधित अभियंताओं का वेतन रोकने और अनुशासनात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही अवैध निर्माणों के चालान करने और प्राधिकरण की जमीन पर हुए अतिक्रमण को दो दिन के भीतर हटाने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने पानी की समस्या भी आयुक्त के समक्ष रखी, जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। आयुक्त ने इस दौरान प्राथमिक विद्यालय के बच्चों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन भी किया। इस मौके पर उपाध्यक्ष जिला पंचायत देवकी बिष्ट, ग्राम प्रधान हंशी नेगी, जिला शिक्षा अधिकारी पी.एल. टम्टा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

