नैनीताल – पुलिस लाइन नैनीताल में शुक्रवार को आयोजित परेड में एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जवानों की फिटनेस, क्षमता और दक्षता का विस्तृत आंकलन किया। परेड के दौरान जवानों की ड्रिल, शारीरिक क्षमता, दक्षता और वेपन हैंडलिंग का निरीक्षण किया गया।
परेड में प्रतिभाग
परेड में जिले के विभिन्न संवर्गों की टोलियों—थानों, पुलिस लाइन, फायर सर्विस, सीपीयू, परिवहन शाखा, महिला पुलिस टोली, यातायात पुलिस टोली, आर्म्ड पुलिस टोली, नागरिक पुलिस टोली, अग्निशमन, डॉग स्क्वायड और बम स्क्वायड—ने हिस्सा लिया। सभी टोलियों को परेड ड्रिल और वेपन हैंडलिंग का गहन अभ्यास कराया गया।
उत्कृष्ट प्रदर्शन पर सम्मान
वेपन हैंडलिंग में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर महिला आरक्षी भूमिका थापा, कांस्टेबल टी.पी. कृष्ण कुमार तथा सलामी गार्ड को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कमांड प्रदर्शन करने वाले गार्ड कमांडर को भी नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

एसएसपी ने जवानों को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस फोर्स के प्रत्येक सदस्य को वेपन हैंडलिंग में दक्ष होना चाहिए और हर परिस्थिति के लिए हमेशा तैयार रहना चाहिए। उन्होंने महिला कर्मियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें सशक्त बनने और शस्त्र प्रयोग में पूर्ण दक्षता प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।
प्रशिक्षण और व्यवस्थाओं का निरीक्षण
परेड के दौरान प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट्स की GTC ट्रेनिंग का निरीक्षण भी किया गया और प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा, एसएसपी ने मैस, पुलिस कैंटीन, सीपीसी कैंटीन और एमटी शाखा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मैस प्रभारी को जवानों के लिए पौष्टिक आहार, सीजनल सब्जियां और शुद्ध पहाड़ी व्यंजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। सभी प्रभारियों को आवंटित सरकारी वाहनों की लॉग बुक, फिटनेस और मेंटेनेंस की समीक्षा कर वाहनों को सड़क सुरक्षा मानकों के अनुरूप दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए गए।
परेड में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी हल्द्वानी मनोज कत्याल, सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, सीओ रामनगर सुमित पांडे, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन हरकेश सिंह सहित समस्त थाना प्रभारी, चौकी/शाखा प्रभारी और अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

