देहरादून– रसोई गैस सिलेंडर की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में उत्तराखंड प्रदेश महिला कांग्रेस ने देहरादून में अनोखे ढंग से प्रदर्शन किया। अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अल्का लाम्बा के आह्वान पर आयोजित इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने किया। पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से सिर पर गैस सिलेंडर उठाकर नारेबाजी करते हुए भाजपा जिला मुख्यालय की ओर पदयात्रा निकाली। पदयात्रा कनक चौक तक पहुंची, जहां पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग लगाकर प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। इसके बाद महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में प्रतीकात्मक रूप से सिलेंडर को फूल-मालाएं पहनाकर उसकी “अंत्येष्टि” की और धूपबत्ती जलाकर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध जताया।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने चूल्हे पर लकड़ी जलाकर रोटी और सब्जी बनाते हुए यह संदेश दिया कि महंगाई के कारण गरीब परिवारों को फिर से पुराने समय की तरह चूल्हे पर खाना बनाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बाद में महिलाओं ने वहीं बनी रोटी और सब्जी लोगों को खिलाकर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि केंद्र सरकार की नीतियों के कारण रसोई गैस के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे आम जनता और विशेष रूप से महिलाओं पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि महंगाई के कारण गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का घरेलू बजट बिगड़ गया है। प्रदर्शन के बाद पुलिस प्रशासन ने विरोध कर रही महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। महिला कांग्रेस ने चेतावनी दी कि यदि गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए गए और महंगाई पर नियंत्रण के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए तो आंदोलन को प्रदेशभर में और तेज किया जाएगा। इस दौरान महिला कांग्रेस की उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, नजमा खान, जया कर्नाटक, महानगर अध्यक्ष उर्मिला ढोंडियाल थापा, जिलाध्यक्ष अंशुल त्यागी, मंजू मिश्रा, महासचिव अनीता सकलानी, पूनम सिंह, दीपा चौहान, नलिनी दीक्षित, चंद्रकला नेगी, भावना शर्मा, सुशीला शर्मा, अनुराधा तिवाड़ी, देवेंद्र कौर, रेखा ढींगरा सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहीं।

