उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

हल्द्वानी: मधुवन विहार में दूषित जल आपूर्ति से लोग परेशान…….

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी- वार्ड-56 मानपुर देवलचौड़ स्थित मधुवन विहार कॉलोनी में पिछले लंबे समय से दूषित पेयजल की आपूर्ति हो रही है। क्षेत्र के लोग गंदा और मिट्टी मिला पानी पीने को मजबूर हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है। समाज कल्याण निदेशालय के पास स्थित इस कॉलोनी में करीब 300 से अधिक की आबादी और लगभग 75 मकान हैं। यह क्षेत्र जल संस्थान के टीपीनगर सब डिविजन के अंतर्गत आता है। लोगों के अनुसार पाइपलाइन में जगह-जगह लीकेज होने से घरों तक गंदा पानी पहुंच रहा है, जिससे विशेषकर बच्चों के बीमार होने का खतरा बढ़ गया है।

यह भी पढ़ें 👉  होली मिलन समारोह में दिखी समरसता की मिसाल, नगर निगम परिवार हुआ एकजुट….

स्थानीय निवासी डीके पोखरिया का कहना है कि कॉलोनी में पाइपलाइन की हालत बेहद खराब है और कई स्थानों पर लाइन टूटी हुई है। सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लक्ष्मी दत्त कांडपाल ने बताया कि जलापूर्ति करने वाली मुख्य पाइपलाइन लंबे समय से क्षतिग्रस्त है। कई बार अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। पानदेव जोशी के अनुसार कॉलोनी में पीवीसी और जीआई पाइपलाइन के माध्यम से ओवरहेड टैंक से पानी सप्लाई होता है, लेकिन लाइनों के टूटने से नलों में मिट्टी और कीचड़ मिला पानी आना आम बात हो गई है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि उन्हें अभी औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है, फिर भी एई और जेई को मौके पर जांच के निर्देश दिए गए हैं। यदि समस्या पाई जाती है तो शीघ्र समाधान किया जाएगा। क्षेत्रवासियों ने जल्द से जल्द पाइपलाइन दुरुस्त कर स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें 👉  किच्छा में निर्माणाधीन एम्स का डीएम ने किया निरीक्षण, मई तक ओपीडी शुरू करने के निर्देश….