उत्तराखण्ड ज़रा हटके रुद्रपुर

मतदाता सूची की शुद्धता सर्वोपरि, SIR मैपिंग में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त….

ख़बर शेयर करें -

रुद्रपुर – जनपद के जिला सभागार स्थित डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम सभागार में सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड, मस्तू दास की अध्यक्षता में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR) कार्यों की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित ईआरओ/निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, पर्यवेक्षक एवं बीएलओ उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान मस्तू दास ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील बताते हुए निर्देश दिए कि SIR से संबंधित सभी अभिलेख, प्रपत्र एवं आवश्यक दस्तावेज सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रखे जाएं। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की जांच, आपत्ति अथवा स्पष्टीकरण की स्थिति में अभिलेखों के आधार पर स्पष्ट उत्तर प्रस्तुत किया जाना चाहिए। निर्वाचन संबंधी प्रत्येक कार्य पूर्ण पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं विधि-सम्मत प्रक्रिया के अंतर्गत संपादित करने के निर्देश भी दिए गए।

यह भी पढ़ें 👉  बंगापानी में ग्रामीणों ने उठाई मूलभूत सुविधाओं की मांग, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

मतदाता सूची में नाम विलोपन की प्रक्रिया के संबंध में स्पष्ट किया गया कि संबंधित मतदाताओं को अपना पक्ष रखने के लिए पर्याप्त समय और अवसर दिया जाए। किसी भी मतदाता के अधिकारों का हनन न हो, यह सुनिश्चित करना सभी बीएलओ की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में SIR मैपिंग कार्य की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जिन बीएलओ की मैपिंग लंबित पाई गई, उनसे कारण पूछे गए तथा कार्य में शीघ्रता लाने के निर्देश दिए गए। यह भी कहा गया कि यदि किसी व्यक्ति का नाम दो स्थानों पर दर्ज है, तो नियमानुसार एक स्थान से नाम विधिवत हटाया जाए, ताकि मतदाता सूची की शुद्धता एवं विश्वसनीयता बनी रहे। जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है, उनके संबंध में स्पष्ट टिप्पणी दर्ज करने के निर्देश दिए गए, ताकि कोई भी प्रविष्टि बिना कारण अधूरी न रहे।

यह भी पढ़ें 👉  आगामी चुनाव से पहले मतदाता सूची की बड़ी पड़ताल, लाखों मतदाता आयोग की रडार पर

मस्तू दास ने यह भी निर्देशित किया कि एक ही परिवार के सभी सदस्यों की मैपिंग एक ही बूथ पर सुनिश्चित की जाए। यदि परिवार के सदस्य अलग-अलग बूथों पर दर्ज हैं, तो आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें संबंधित सही बूथ पर स्थानांतरित किया जाए, जिससे मतदान के समय असुविधा न हो। सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलए की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में बीएलओ से मैपिंग कार्य में आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों पर चर्चा कर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया।

यह भी पढ़ें 👉  गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से जुड़ें अल्पसंख्यक संस्थान, प्राधिकरण ने संचालकों को किया जागरूक

अंत में उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की शुचिता और विश्वसनीयता बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समर्पण, सतर्कता और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें, जिससे मतदाता सूची त्रुटिरहित एवं अद्यतन रूप में तैयार हो सके। बैठक में अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, उपजिलाधिकारी अमृता शर्मा, गौरव पाण्डेय, अभय प्रताप सिंह, तुषार सैनी, राहुल शाह, रिचा सिंह, सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र अधिकारी, तहसीलदार, पर्यवेक्षक एवं बीएलओ उपस्थित रहे।